देश के लगभग आधे हिस्से में सूखे जैसे हालात बने हुए हैं। आईआईटी गांधीनगर के 'इंडिया ड्रॉट मॉनिटर' के मुताबिक, 25 नवंबर 2026 तक देश का 46.6% हिस्सा सूखे की चपेट में है, जबकि 18 नवंबर को यह आंकड़ा 47.2% था। आईआईटी बॉम्बे के अनुसार, राजस्थान, महाराष्ट्र, कर्नाटक, पश्चिमी मध्य प्रदेश, तेलंगाना और दक्षिण-पश्चिमी आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में सूखे की स्थिति बने रहने की आशंका है।

केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) की 26 नवंबर को जारी साप्ताहिक रिपोर्ट के मुताबिक, देश के 178 प्रमुख जलाशयों में 111.209 अरब घनमीटर पानी बचा है, जो इनकी कुल क्षमता का 60.19% है। यह स्तर पिछले 10 सालों के सामान्य औसत से 21% और पिछले साल की इसी अवधि से 31.64% कम है। दक्षिण भारत के जलाशयों में क्षमता का सिर्फ 38% पानी बचा है, जबकि उत्तर भारत सामान्य से 27% नीचे है। पिछले दो हफ्तों में जल भंडारण में लगातार गिरावट दर्ज की गई है।

देश के छह राज्यों में आधिकारिक रूप से सूखा घोषित किया जा चुका है। इनमें कर्नाटक में 217 तालुक, महाराष्ट्र में 305 तालुक, आंध्र प्रदेश में 412 मंडल, तेलंगाना में 31 जिलों के 365 मंडल और राजस्थान में 14 जिलों की 80 तहसीलें शामिल हैं। गुजरात सरकार ने कच्छ, जामनगर, देवभूमि द्वारका और पोरबंदर सहित चार जिलों को सूखा प्रभावित घोषित किया है। कर्नाटक में मानसूनी बारिश सामान्य से 35% कम रही, जो 55 वर्षों में सबसे बड़ी कमी बताई गई है। महाराष्ट्र में 19% और तेलंगाना में 17% कम बारिश हुई।

देशभर में इस बार का मानसून 13वां सबसे सूखा सीजन रहा और पिछले 11 सालों में सबसे कम बारिश वाला मानसून रहा। मानसून-2026 सीजन सामान्य से 12.6% कम बारिश के साथ खत्म हुआ। 4 नवंबर तक देश के 735 जिलों में से 59% में मानसून के बाद की बारिश सामान्य से कम रही थी। देश के 38% हिस्से यानी 282 जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई। सबसे ज्यादा पंजाब में 41% कम बारिश दर्ज की गई, जबकि राजस्थान में करीब 22% कमी रही। अत्यधिक बारिश के लिए प्रसिद्ध मेघालय में भी सामान्य से 60% कम बारिश हुई।