भारत और जापान ने गुरुवार को टोक्यो में चौथी 2+2 विदेश और रक्षा मंत्री स्तरीय बैठक के बाद भारतीय फायरिंग रेंज के इस्तेमाल को लेकर लेटर ऑफ इंटेंट पर हस्ताक्षर किए। इसके तहत जापान सेल्फ डिफेंस फोर्सेज (JSDF) पहली बार भारत में लाइव फायर अभ्यास कर सकेंगी, जिसमें सतह से जहाज पर हमला करने वाली मिसाइलें भी शामिल होंगी। बैठक में भारत की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर तथा जापान की ओर से रक्षा मंत्री शिनजिरो कोइजुमी और तोशिमुत्सु मोतेगी ने हिस्सा लिया।

बैठक के बाद जारी संयुक्त बयान में दोनों पक्षों ने बढ़ती रक्षा और सुरक्षा साझेदारी का स्वागत किया और स्वतंत्र तथा खुली अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस व्यवस्था में एक-दूसरे की राष्ट्रीय संप्रभुता और अखंडता का सम्मान करते हुए बिना बल प्रयोग के विवादों का शांतिपूर्ण समाधान शामिल है। चर्चा में मिलिट्री एक्सरसाइज बढ़ाने, समुद्री सुरक्षा सहयोग बढ़ाने, जानकारी साझा करने और डिफेंस क्षमताओं को मजबूत करने पर भी फोकस रहा। दोनों पक्षों ने इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के अपने कमिटमेंट को दोहराया। भारत-जापान 2+2 बातचीत इससे पहले 20 अगस्त 2024 को नई दिल्ली में हुई थी।

बैठक में समुद्री सैन्य सहयोग को मजबूत करने पर भी सहमति बनी, जिसमें समुद्री और हवाई क्षेत्र की निगरानी, खोज और बचाव अभियान तथा सूचना साझा करना शामिल है। दोनों देशों ने समुद्रीय माइंस का पता लगाने और उन्हें निष्क्रिय करने की क्षमताओं को बेहतर बनाने के साथ ही नौसैनिक जहाज के निर्माण और डिजाइन के क्षेत्र में मिलकर काम करने की संभावनाओं पर भी सहमति जताई।

बैठक के बाद जयशंकर ने कहा कि अभी दो बड़े संघर्ष चल रहे हैं, जिनका असर दूर-दराज के इलाकों तक महसूस किया जा रहा है, और ऐसे में भरोसेमंद तथा ठोस साझेदारियां और भी अहम हो जाती हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि नौसैनिक जहाज निर्माण, अनमैन्ड और ऑटोनॉमस सिस्टम, एडवांस डिफेंस टेक्नोलॉजी के अलावा व्यापक रक्षा औद्योगिक इकोसिस्टम में सहयोग की काफी संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि भारत और जापान की ताकत एक-दूसरे की पूरक है और संयुक्त विकास, निर्माण तथा लंबे समय की तकनीकी साझेदारी पर अधिक ध्यान देना चाहिए।