भारत में पिछले 124 वर्षों के वर्षा आंकड़ों के विश्लेषण से पता चला है कि देश का बारिश का पैटर्न बदल रहा है। 'थियोरेटिकल एंड एप्लाइड क्लाइमेटोलॉजी' में 26 नवंबर को प्रकाशित अध्ययन के अनुसार, 1901 से 2024 तक के डेटा में यह बदलाव दिखा है, जो खास तौर पर 1994 से 2024 के बीच के 31 वर्षों में अधिक स्पष्ट है।

अध्ययन के मुताबिक, पश्चिमी भारत के आमतौर पर सूखे रहने वाले इलाकों में अब अधिक बारिश हो रही है। गुजरात और राजस्थान के कुछ हिस्सों में सालाना वर्षा में प्रति वर्ष लगभग 7.5 से 10 मिमी की वृद्धि दर्ज की गई है। कर्नाटक और केरल में भी बारिश बढ़ने का रुझान देखा गया है।

इसके उलट, उत्तर और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों तथा पूर्वोत्तर के बड़े इलाकों में प्रति वर्ष 8 मिमी या उससे अधिक की कमी दर्ज हुई है। मानसून के दौरान भी यह बदलाव साफ देखा गया। 1994-2024 के बीच पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में मानसूनी बारिश में कमी आई, जबकि मध्य भारत, दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत और उत्तर-पश्चिमी भारत के पश्चिमी हिस्सों में प्रति वर्ष लगभग 5 से 10 मिमी की वृद्धि दर्ज की गई।

कुल मिलाकर, 1994 से 2024 के दौरान भारत के 61.2 प्रतिशत हिस्से में मानसून की बारिश बढ़ने का रुझान दिखा है। अध्ययन बताता है कि जहां पहले अधिक बारिश होती थी, वहां अब कम हो रही है, और जहां बारिश नाममात्र की थी, वहां अब अधिक हो रही है।