अमेरिका की प्रतिष्ठित ट्रैवल मैगजीन ट्रैवल + लीजर ने भारत को साल 2027 के लिए 'डेस्टिनेशन ऑफ द ईयर' यानी 'साल का सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्थल' चुना है। मैगजीन ने यह घोषणा नवंबर 2026 में की। इसके साथ भारत उन देशों की सूची में शामिल हो गया है, जिन्हें आने वाले साल में घूमने के लिहाज से खास तौर पर आकर्षक माना जा रहा है।
मैगजीन की एडिटर-इन-चीफ जैकी गिफोर्ड ने अपने संपादकीय में भारत को यह खिताब दिया। उन्होंने भारत को लगभग 1.5 अरब आबादी वाला देश बताते हुए इसकी तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था और हॉस्पिटैलिटी सुविधाओं का जिक्र किया। उनके मुताबिक, भारत में हर यात्रा के दौरान कुछ नया देखने और अनुभव करने को मिलता है। गिफोर्ड ने अपने बचपन की भारत यात्रा को याद करते हुए यहां के रंगों, खानपान, साड़ियों, लोगों की गर्मजोशी और जीवंत माहौल का भी उल्लेख किया।
मैगजीन के अनुसार, यह पहचान भारत की सांस्कृतिक विविधता, ऐतिहासिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता, वन्यजीव, खानपान और होटल एवं हॉस्पिटैलिटी सुविधाओं की वजह से मिली है। रिपोर्ट में ताजमहल, मध्य प्रदेश के पन्ना राष्ट्रीय उद्यान में बाघ सफारी, नागालैंड का हॉर्नबिल फेस्टिवल, दिल्ली के चांदनी चौक का खानपान और मुंबई के अलग-अलग इलाकों को जगह दी गई है। इनके अलावा लक्षद्वीप, उदयपुर, चेत्तीनाड, मेघालय तथा धर्मशाला और मैकलोडगंज जैसे कम चर्चित पर्यटन स्थलों को भी रिपोर्ट में शामिल किया गया है।
