भोपाल में खेले जा रहे एशियाई महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारत और थाईलैंड की टीमें आमने-सामने हैं। लगातार दो मैच जीत चुकी भारतीय टीम की नजरें जीत की हैट्रिक पर हैं। टूर्नामेंट में भारत ने अपने पहले मुकाबले में मलेशिया को 4-1 से और दूसरे मुकाबले में कोरिया को 2-1 से हराया था। थाईलैंड के खिलाफ तीसरे मैच में भारतीय टीम 5-0 की बढ़त बना चुकी है।

भारतीय टीम ने टॉस जीतकर खेल की शुरुआत की। पहले पांच मिनट में ही नवनीत कौर ने पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। पहले क्वार्टर में भारत को छह पेनाल्टी कॉर्नर मिले और टीम ने 3-0 की लीड बना ली। दीपिका ने एक मिनट के अंदर दो गोल दागे, जबकि नवनीत कौर ने एक गोल किया।

दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम का दबदबा कायम रहा। मुमताज खान ने इस क्वार्टर में भारत का एकमात्र गोल किया और टीम की लीड 4-0 हो गई। इसके बाद सुनेलिता टोप्पो ने गोल कर भारत की बढ़त 5-0 कर दी। यह इस टूर्नामेंट में सुनेलिता का दूसरा गोल है। दूसरे क्वार्टर तक भारतीय टीम का दबदबा बना हुआ है।

थाईलैंड की टीम टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत का इंतजार कर रही है। भारतीय टीम थाईलैंड के खिलाफ जीत का सिलसिला बनाए रखने के इरादे से उतरी है।