कुवैत सिटी: ईरान की आईआरजीसी ने कुवैत और बहरीन पर हमला किया है। कुवैत की सेना ने कहा है कि उसने दुश्मन के एक ड्रोन हमले को नाकाम कर दिया है। कुवैती सेना ने X पर एक बयान में बताया कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने दुश्मन के हमलों को रोक दिया है। इसने कहा कि धमाकों की जो आवाजें सुनी गई हैं, वे दुश्मन ड्रोन को इंटरसेप्ट करने की वजह से हैं। वहीं, अमेरिका और ईरान ने भी एक दूसरे पर हमले किए हैं। बहरीन ने दो अलग-अलग अलर्ट में नागरिकों को ड्रोन हमले को लेकर चेतावनी जारी की।

अमेरिकी सेना ने मंगलवार-बुधवार दरमियानी रात में होर्मुज जलडमरूमध्य में स्थित ईरान के केशम आइलैंड पर कई हमले किए। अमेरिकी सेना ने इसे आत्मरक्षा में किया गया हमला बताया। इसके कुछ घंटे पहले ईरान ने कहा था कि उसने बहरीन में अमेरिकी रडार सिस्टम पर ड्रोन से हमला किया है। आईआरजीसी ने कहा कि यह कार्रवाई अमेरिका के मिलिट्री ड्रोनों के बार-बार ईरानी हवाई क्षेत्र के उल्लंघन के जवाब में की गई।

अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा कि बहरीन के एयर बेस को निशाना बनाकर दागे गए ईरानी ड्रोन कोई नुकसान नहीं पहुंचा सके और उन्हें पहले ही इंटरसेप्ट कर दिया गया। बहरीन पर 5 दिनों के भीतर यह तीसरा ईरानी ड्रोन हमला था। इसके कुछ घंटों बाद केशम आइलैंड पर हमला किया गया। यह हमला एक मिसाइल लॉन्च साइट को निशाना बनाकर किया गया।

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA ने बताया कि केशम द्वीप पर मंगलवार रात को 5 से 6 धमाके हुए। ईरान के दक्षिणी होर्मोजगन प्रांत के डेप्युटी गवर्नर अहमद नफीसी ने बताया कि केशम द्वीप की स्थिति नियंत्रण में है। हमलों में रिहायशी, कमर्शियल और बुनियादी ढांचे वाले इलाकों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

कुवैत और बहरीन से आ रही हमलों की खबरों ने इस क्षेत्र में लगभग दो महीने से चल रही शांति को भंग कर दिया है। बहरीन पर ताजा हमले की शुरुआत शुक्रवार को हुई, जो सितम्बर की शुरुआत के बाद से किसी खाड़ी देश पर ईरान का पहला हमला था। हाल ही में अमेरिका का तीसरा एयरक्राफ्ट कैरियर स्ट्राइक ग्रुप इस क्षेत्र में पहुंचने के बाद तनाव बढ़ गया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगर तेहरान उनकी मांगों को मानने से इनकार करता है तो वे फिर से पूर्ण पैमाने पर सैन्य अभियान शुरू कर सकते हैं।