नई दिल्ली। तमिलनाडु के कन्याकुमारी जिले की रहने वाली अनीता एक बीमा कंपनी में नौकरी करती हैं और उनका सालाना वेतन 25 लाख रुपये है। नागरकोइल में काम करने वाली अनीता ने ऑफिस के बाद कन्याकुमारी में नारियल की खरीद, कटाई और बिक्री का साइड बिजनेस शुरू किया। इसके लिए उन्होंने किसानों से नारियल के बागान लीज पर लिए, मजदूरों से कटाई कराई और आसपास के गांवों से सीधे नारियल खरीदकर आधी-छिलाई के बाद बाजार में बेचा। वित्त वर्ष 2019-20 में इस कारोबार से उनके बैंक खाते में 1.17 करोड़ रुपये कैश जमा हुए।
इतनी बड़ी नकद राशि जमा होने पर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने मामले को जांच में लिया। अनीता ने 16 मार्च 2023 को अपडेटेड इनकम टैक्स रिटर्न (ITR-U) दाखिल कर 1.27 करोड़ रुपये का टर्नओवर दिखाया और सेक्शन 44AD के तहत 8 फीसदी की दर से 10.21 लाख रुपये की कारोबारी आय घोषित की। असेसिंग ऑफिसर ने नियमित बहीखाता, खरीद-बिक्री के बिल और स्टॉक रजिस्टर न होने का हवाला देते हुए पूरी 1.17 करोड़ रुपये की नकदी को सेक्शन 69A के तहत अघोषित आय मानकर टैक्सेबल इनकम में जोड़ दिया। कमिश्नर ऑफ इनकम टैक्स (अपील) ने भी डिपार्टमेंट का यह फैसला बरकरार रखा।
इसके बाद अनीता ने चार्टर्ड अकाउंटेंट के. विश्व पद्मनाभन की मदद से चेन्नई की आयकर अपीलीय ट्रिब्यूनल (ITAT) में अपील दायर की। ट्रिब्यूनल ने 16 नवंबर 2026 को फैसला सुनाते हुए पाया कि कैश अनीता के बैंक ओवरड्राफ्ट खाते में जमा किया गया था, जिसका इस्तेमाल आमतौर पर व्यावसायिक लेनदेन के लिए होता है। खाते में लगातार नकद जमा, निकासी और बैंकिंग चैनलों से हुए पेमेंट से ट्रिब्यूनल को यह पुष्टि हुई कि खाते का इस्तेमाल नारियल के बिजनेस के लिए हो रहा था। अनीता की ओर से पेश नारियल खरीदारों और किसानों के कन्फर्मेशन को इनकम टैक्स डिपार्टमेंट झूठा साबित नहीं कर सका। ट्रिब्यूनल ने कहा कि सिर्फ नियमित बहीखाता न रखने के आधार पर पूरे व्यावसायिक टर्नओवर को अघोषित आय नहीं माना जा सकता, क्योंकि टर्नओवर में खरीद लागत और अन्य खर्चे भी शामिल होते हैं, पूरा मुनाफा नहीं।
ट्रिब्यूनल ने अनीता को पूरी तरह टैक्स से छूट नहीं दी। उसके मुताबिक, खरीद-बिक्री के बिल और स्टॉक रजिस्टर के अभाव में वास्तविक मुनाफे का स्वतंत्र सत्यापन संभव नहीं है। इसलिए ट्रिब्यूनल ने 1.17 करोड़ रुपये की अघोषित आय के मूल आदेश को रद्द करते हुए निर्देश दिया कि इस नकद जमा राशि का 8 फीसदी यानी 9,41,600 रुपये अतिरिक्त व्यावसायिक आय के रूप में जोड़ा जाए, जो अनीता की पहले से घोषित 10.21 लाख रुपये की आय के अतिरिक्त टैक्सेबल होगी। टैक्स एक्सपर्ट्स के अनुसार, यह फैसला उन नौकरीपेशा लोगों के लिए मिसाल है जो साइड बिजनेस करते हैं, बशर्ते वे सैलरी इनकम और बिजनेस ट्रांजैक्शन के लिए अलग बैंक अकाउंट और बुनियादी रिकॉर्ड बनाए रखें।
