लखनऊ में संवादी के छठे सत्र में ओटीटी और सिनेमा की राह पर चर्चा हुई। सत्र का संचालन स्मिता श्रीवास्तव ने किया, जिन्होंने अभिनेता राजेश कुमार और दिब्येंदु भट्टाचार्य से बातचीत की। राजेश कुमार ने कहा कि टेलीविजन हाईस्कूल, फिल्में इंटरमीडिएट और ओटीटी ग्रेजुएशन जैसे हैं और इनमें से किसी को आगे या पीछे रखना उचित नहीं है। उन्होंने बताया कि लंबे समय तक टेलीविजन में काम करने के बाद ही उनका फिल्मों से ओटीटी तक का सफर हुआ और एक दौर में उन्होंने अभिनय से दूरी बनाकर खेती की, जो अपनी जड़ों की ओर लौटने जैसा रहा।
राजेश कुमार ने कहा कि टमाटर पैदा होने में 90 दिन लगते हैं, जबकि उसे फेंकने का निर्णय 90 सेकंड में लिया जाता है। उन्होंने सभी को आर्गेनिक खेती करने की सलाह दी और कहा कि रासायनिक खादों के इस्तेमाल से धरती की हालत लगातार खराब हो रही है। खेती को छोटा काम नहीं मानना चाहिए और सिर्फ धान व गेहूं की पैदावार पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। उन्होंने अपनी 27 नवंबर को लॉन्च हुई वेब सीरीज ढाई चाल को पॉलिटिकल कॉलेज ड्रामा बताया और कहा कि युवाओं को इसे देखना चाहिए, क्योंकि अक्सर वे यूज हो जाते हैं। लखनऊ को फिल्मों की शूटिंग का सबसे बेहतर स्थल बताते हुए उन्होंने कहा कि वेब सीरीज मिर्जापुर में जिस तरह का उत्तर प्रदेश दिखाया गया है, वैसा पहले रहा होगा, लेकिन प्रदेश में अब काफी कुछ बदल चुका है।
राजेश कुमार ने बताया कि साराभाई का ऑडिशन आठ घंटे तक दिया था और अभिनय की इच्छा रखने वालों को इससे घबराना नहीं चाहिए, क्योंकि किरदार लिखी लाइनों को पढ़ने से नहीं, बल्कि उसे देखने वाले रिएक्शन से बनता है। वहीं, देव डी में चुन्नीलाल और ब्लैक फ्राइडे में येदा याकूब के अभिनय से चर्चा में आए दिब्येंदु भट्टाचार्य ने बताया कि नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा ने उन्हें आगे बढ़ने का रास्ता दिखाया। उन्होंने कहा कि एक्टिंग उन्हें घर पर ही मिल गई थी और एनएसडी ने तकनीक सिखाई। अपने सफर को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें कोई चुनौती नहीं मिली, बल्कि एक बढ़िया यात्रा की है। वे लगातार काम करते आए हैं, क्योंकि ना कहना उनकी जुबान ने सीखा ही नहीं। जब काम नहीं होता तो वे किताब पढ़कर किचन में खाना बनाते हैं और इस दौरान भावी किरदार की मन में रूपरेखा बनाते हैं। दोबारा मौका मिलने पर वे महारानी वेब सीरीज में काम करना चाहेंगे, क्योंकि वहां उन्हें घर जैसा माहौल मिला।
