जालौन के ग्राम चमेड़ में 42 वर्षीय अनिल कुमार ने गुरुवार की रात अपने घर के कमरे में गमछे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करने वाले अनिल की पत्नी से दो दिन पहले किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद वह बच्चों को लेकर अपने मायके ग्राम अंडा चली गई थी। इसी बात से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार को अनिल फोन पर पत्नी को घर आने के लिए कह रहा था, लेकिन वह नहीं आई। शुक्रवार सुबह देर तक कमरे से बाहर न आने पर मां विद्या देवी ने आवाज दी। कमरे में झांकने पर पुत्र फंदे से लटका दिखा, जिसके बाद पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और फोरेंसिक टीम ने जांच की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक निगवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
अनिल कुमार पत्नी रजनी, तीन पुत्रियों और एक पुत्र का भरण-पोषण करता था। पिता की मौत के बाद उसकी मां विद्या देवी उसके साथ रह रही थी। युवक के फूफा मानसिंह ने बताया कि घटना के समय वह घर में अकेला था और पूरे परिवार का खर्च चलाता था।
