जम्मू-कश्मीर के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में रेजिडेंट डॉक्टरों ने स्टाइपेंड बढ़ाने और मातृत्व अवकाश का पूरा लाभ देने की मांग को लेकर हड़ताल शुरू कर दी है। जीएमसी जम्मू में असर कम है, लेकिन कठुआ, राजौरी, डोडा, बारामुला और अनंतनाग जैसे नए मेडिकल कॉलेजों में गैर राजपत्रित कर्मचारियों के पहले से हड़ताल पर होने से मरीजों को भारी परेशानी हो रही है। स्वास्थ्य मंत्री सकीना इट्टू के दिल्ली में होने के कारण मांगों पर कोई सुनवाई नहीं हो पा रही है।
जीएमसी जम्मू में रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन के आह्वान पर दूसरे दिन भी हड़ताल जारी रही। ओपीडी के बाहर बैठे रेजिडेंट डॉक्टरों ने शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज सौरा और एम्स जम्मू के रेजिडेंट डॉक्टरों के बराबर स्टाइपेंड देने तथा मातृत्व अवकाश का पूरा लाभ देने की मांग की। एसोसिएशन के प्रधान डॉ. तरुण शर्मा के अनुसार मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी।
श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार से पोस्टग्रेजुएट और सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। वे अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के बराबर स्टाइपेंड की मांग कर रहे हैं। आल इंडिया मेडिकल स्टूडेंट्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष और जीएमसी श्रीनगर के रेजिडेंट डॉ. मोहित चौधरी ने कहा कि सरकार को स्टाइपेंड से जुड़ी लंबे समय से लंबित शिकायतों का बिना देरी समाधान करना चाहिए। डॉक्टरों ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से व्यक्तिगत हस्तक्षेप की अपील की है।
राजौरी, कठुआ, डोडा, बारामुला और अनंतनाग मेडिकल कॉलेजों के रेजिडेंट डॉक्टर भी हड़ताल कर रहे हैं। उनका कहना है कि सरकार ने कई बार आश्वासन देने के बाद कुछ नहीं किया। जीएमसी जम्मू में ओपीडी सेवाएं सामान्य रहीं और ऑपरेशन थियेटर भी चलते रहे, हालांकि स्टाफ की कमी से थोड़ी परेशानी हो रही है। कठुआ, राजौरी, डोडा, बारामुला और अनंतनाग में गैर राजपत्रित कर्मचारियों के भी हड़ताल पर होने से मरीज निजी अस्पतालों या जम्मू का रुख कर रहे हैं। कठुआ के एक मरीज ने बताया कि जीएमसी कठुआ में हड़ताल की जानकारी मिलने पर वह जम्मू आ गया।
