जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर लखनपुर से हीरानगर तक चौड़ीकरण के साथ कई ओवरब्रिज और फ्लाईओवर बनाए गए हैं। दयालाचक, बरनोटी, हमीरपुर और खरोट मोड़ सहित कई जगहों पर ओवरब्रिज पर यातायात शुरू हो चुका है, लेकिन रात में इन पर रोशनी का पुख्ता इंतजाम नहीं है। शाम ढलते ही ये अंधेरे में डूब जाते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि सुरक्षा के बुनियादी इंतजाम पूरे किए बिना यहां यातायात कैसे शुरू कर दिया गया। अंधेरे के कारण वाहन चालकों को सामने से आते वाहन, पैदल राहगीर और अचानक सड़क पर आ जाने वाले मवेशी दिखाई नहीं देते, जिससे दोपहिया वाहन चालकों पर जोखिम अधिक है।

बरवाल रोड पर लगी सोलर लाइटें भी हादसों को रोकने में प्रभावी नहीं दिख रही हैं। इस सड़क को दुर्घटनाओं के लिहाज से डेथ स्पॉट माना जाता है। हादसों पर अंकुश लगाने के लिए यहां सोलर लाइटें लगाई गईं, लेकिन उनकी रोशनी आसपास के 20 फुट क्षेत्र को भी ठीक से रोशन नहीं कर पा रही, जिससे लाइटें लगाने का उद्देश्य अधूरा रह गया है।

हाईवे पर कई जगह तारकोल बिछाने के लिए सड़क की ऊपरी परत मशीनों से खुरची गई है, जिससे सड़क के दोनों हिस्सों के बीच तीखे कटाव बन गए हैं। ये खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरनाक हैं। तेज रफ्तार में संतुलन बिगड़ने पर चालक गिरकर गंभीर हादसे का शिकार हो सकता है। ऐसे स्थानों पर चेतावनी संकेतक और बैरिकेडिंग की कमी जोखिम बढ़ा रही है। कालीबड़ी चौक से हीरानगर तक हाईवे पर आवारा मवेशियों का जमावड़ा भी दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा रहा है। दिन में चालक किसी तरह बचाव कर लेते हैं, लेकिन रात के अंधेरे में टकराने की आशंका बढ़ जाती है। मवेशियों को हाईवे से हटाने के लिए प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही।

कांग्रेस के जिला अध्यक्ष पंकज डोगरा का कहना है कि संबंधित निर्माण एजेंसी और विभागों को ओवरब्रिज पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइटें लगानी चाहिए, बरवाल रोड की सोलर लाइटें दुरुस्त करनी चाहिए, सड़क के खतरनाक कटाव ठीक करने चाहिए और आवारा मवेशियों पर अंकुश लगाने के ठोस कदम उठाने चाहिए। उनका कहना है कि सड़क चौड़ी होने के साथ यात्रियों का सफर सुरक्षित होना भी जरूरी है। बता दें कि महीनों के बाद भी हाईवे के हटली स्थित अंडरपास मुसीबत बना हुआ है। अकसर इसके नीचे से कोई बड़ा वाहन गुजरते समय छत से टकरा जाता है, जबकि चौक की हालत ठीक न होने की वजह से हर रोज लंबा जाम लगा रहता है। हटली के पास औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण हर रोज बड़े ट्रक निकलते हैं और लोग इस समस्या से परेशान हैं। बरसात होने पर इसी जगह पर सड़क पानी से भर जाती है।