उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद ने समायोजित शिक्षकों का विवरण मानव संपदा और यू-डायस पोर्टल पर अपडेट कराने के लिए चौथा अनुस्मारक जारी किया है। परिषद ने सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया है कि शिक्षकों का डेटा उनके वर्तमान पदस्थापित विद्यालय के अनुसार तत्काल दर्ज कराया जाए और वेतन भुगतान भी उसी विद्यालय से सुनिश्चित किया जाए।

परिषद के सचिव सुरेंद्र कुमार तिवारी की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि इस संबंध में पहले भी 8 अक्टूबर, 14 अक्टूबर और 6 नवंबर 2026 को निर्देश जारी किए गए थे। इसके बावजूद यू-डायस पर उपलब्ध आंकड़ों में समायोजित शिक्षकों का विवरण उनके पदस्थापित विद्यालयों के अनुरूप अपडेट नहीं मिला, जिसके चलते चौथा अनुस्मारक जारी करना पड़ा।

परिषद ने निर्देश दिए हैं कि जनपदीय स्थानांतरण एवं समायोजन के तहत समायोजित शिक्षकों का विवरण मानव संपदा पोर्टल और यू-डायस पोर्टल पर उनके वर्तमान विद्यालय के अनुसार दर्ज किया जाए। साथ ही समायोजित शिक्षकों के लिए जारी नई यू-डायस गूगल शीट को भी तत्काल अद्यतन कराने और वेतन भुगतान पदस्थापित विद्यालय से ही सुनिश्चित कराने को कहा गया है।

परिषद का कहना है कि शिक्षक की वास्तविक तैनाती और डिजिटल अभिलेखों में अंतर से प्रशासनिक असंगति पैदा हो सकती है, इसलिए दोनों पोर्टलों पर सही जानकारी दर्ज कराना जरूरी है। इस संबंध में जारी निर्देशों की प्रतिलिपि अपर मुख्य सचिव, बेसिक शिक्षा, महानिदेशक स्कूल शिक्षा, शिक्षा निदेशक (बेसिक) तथा मुख्य स्थायी अधिवक्ता, उच्च न्यायालय इलाहाबाद को भी भेजी गई है।