सहारनपुर जिले के बड़गांव कस्बा निवासी सागर ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उनकी पत्नी अंशु के नाम पर पंजीकृत होंडा शाइन मोटरसाइकिल (नंबर डीएल5एस सीटी 1134) घर में खड़ी है। बुधवार की शाम उनके मोबाइल पर चालान कटने का मैसेज आया। मैसेज के मुताबिक कडकडदूमा की तरफ जाते हुए दिल्ली में एक स्कूटी का ओवर स्पीड पर चालान कटा है, जिस पर उनकी बाइक का नंबर दर्ज है। चालान में 2000 रुपये का जुर्माना दिखाया गया है।

मैसेज देखकर बाइक मालिक परेशान हो गया। उसका कहना है कि उसकी बाइक घर में खड़ी है, ऐसे में मैसेज से यह प्रतीत होता है कि कोई युवक उनकी बाइक का नंबर अपनी स्कूटी पर लिखकर चला रहा है।

पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर फर्जी नंबर पर स्कूटी चला रहे चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही दिल्ली ट्रैफिक पुलिस को इस मामले से अवगत कराने की भी मांग की है।

थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह का कहना है कि तहरीर आई है और कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले जिले में घर में खड़ी स्कूटी का सहारनपुर में चालान कटने का मामला भी सामने आया था।