किश्तवाड़ में दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) की हत्या के कुछ दिनों बाद केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन और खुफिया ब्यूरो (आईबी) के निदेशक महेश दीक्षित गुरुवार को जम्मू पहुंच रहे हैं। दोनों वरिष्ठ अधिकारी जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा स्थिति का व्यापक आकलन करेंगे। इससे पहले केंद्रीय गृह सचिव 14-15 जनवरी 2026 को जम्मू के दो दिवसीय दौरे पर आए थे।

सूत्रों के मुताबिक, 26 नवंबर को होने वाली उच्चस्तरीय बैठक में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के महानिदेशक, जम्मू-कश्मीर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, खुफिया एजेंसियों के प्रतिनिधि और अन्य सुरक्षा अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में जम्मू संभाग से लेकर कश्मीर घाटी तक के सुरक्षा हालात का विस्तृत आकलन किया जाएगा।

बैठक का मुख्य एजेंडा आतंकवाद विरोधी अभियानों की समीक्षा, सुरक्षा तंत्र को मजबूत करना और भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए रणनीति तैयार करना है। सूत्रों का कहना है कि जम्मू-कश्मीर में सक्रिय बचे पाकिस्तानी आतंकियों के सफाए के लिए उठाए जाने वाले कदमों और आने वाले महीनों में सुरक्षा बलों की आपरेशनल तैयारियों पर विशेष चर्चा होगी।

सूत्रों के अनुसार, बैठक में निकट भविष्य में पंचायत और नगर निकाय चुनावों की संभावना के मद्देनजर सुरक्षा परिदृश्य पर भी चर्चा होगी। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जम्मू-कश्मीर में सक्रिय आखिरी स्थानीय आतंकी के मारे जाने की घटना भी इस बैठक की पृष्ठभूमि में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों के शीर्ष अधिकारी पाकिस्तानी आतंकियों की मौजूदगी, उनके नेटवर्क और सहायता तंत्र को खत्म करने के उपायों पर विचार कर सकते हैं। यह बैठक आतंकवाद के शेष नेटवर्क को ध्वस्त करने और सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के लिहाज से अहम मानी जा रही है।