पश्चिम बंगाल सरकार ने गवर्नमेंट मॉडल स्कूलों और न्यू इंटीग्रेटेड गवर्नमेंट स्कूलों में शिक्षकों की कमी से निपटने के लिए कदम उठाया है। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने 25 नवंबर को आधिकारिक आदेश जारी कर सरकारी सहायता प्राप्त और सरकार पोषित स्कूलों के शिक्षकों को अस्थायी रूप से इन स्कूलों में तैनात करने का निर्देश दिया है। विकास भवन स्थित स्कूल शिक्षा आयुक्त के कार्यालय से सभी जिलों के जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआई) को इस संबंध में पत्र भेजा गया है।
आदेश के अनुसार, इन स्कूलों में विषयवार शिक्षकों की भारी कमी के कारण पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है। पढ़ाई सुचारू रखने के लिए डीआई को योग्य शिक्षकों का चयन कर जल्द नियुक्ति आदेश जारी करने और निदेशालय को रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था पूरी तरह अस्थायी होगी। तैनात किए गए शिक्षकों की सेवा शर्तों और वेतन में कोई बदलाव नहीं होगा तथा उनका मूल स्कूल ही उनका नियोक्ता बना रहेगा। नए स्कूल के अधिकारी हर महीने शिक्षकों की छुट्टी का विवरण मूल स्कूल को भेजेंगे, जिसके आधार पर मूल स्कूल से ही उनका मासिक वेतन जारी किया जाएगा।
