आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को पार्टी के स्थापना दिवस पर पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अपना प्रचार अभियान शुरू किया। मोगा में हुई मेगा रैली में मुख्यमंत्री भगवंत मान और पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने 10 लाख लोगों को स्मार्ट राशन कार्ड दिए।

रैली में अरविंद केजरीवाल ने मतदाताओं को चेतावनी दी कि अगर भगवंत मान की सरकार चली गई तो जनहित की योजनाएं बंद हो जाएंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में पहले मुफ्त दवाइयां मिलती थीं, जिन्हें बंद कर दिया गया। तीर्थयात्रा योजना भी बंद कर दी गई और मुफ्त बिजली बंद करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि अब दिल्ली के लोग पछता रहे हैं। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि बीजेपी संविधान को कुचल रही है।

केजरीवाल ने कहा कि भगवंत मान ने उनकी गारंटी पूरी की है। उन्होंने मुफ्त बिजली, तीर्थयात्रा योजना, मुहल्ला क्लिनिक, इंश्योरेंस कार्ड और स्कूलों की गुणवत्ता का जिक्र करते हुए कहा कि मावां धीयां सत्कार गारंटी भी पूरी की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने खजाना लूट लिया था, इसलिए चार साल खजाना भरने में लग गए और योजना लागू करने में देर हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने पंजाब का फंड रोक दिया, फिर भी वादा पूरा किया गया।

आप संयोजक ने कहा कि कांग्रेस, अकाली दल और बीजेपी सत्ता में आई तो सभी सुविधाएं बंद कर देंगी। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि इस बार हर माता, बहन और बेटी का वोट आम आदमी पार्टी को पड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि 70 हजार से ज्यादा नौकरियां मेरिट पर दी गई हैं। पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने कहा कि पंजाब सरकार 10 लाख लोगों को नया राशन कार्ड देने जा रही है। उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार रोजाना 70 हजार लोगों को मुफ्त इलाज दे रही है और पंजाब के 55 लाख घरों में 10 लाख रुपये का हेल्थ कार्ड दिया गया है।