जमुई जिले के सोनो प्रखंड के कुराबा गांव में भारतीय भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) की टीम धरती के भीतर छिपी प्राकृतिक संपदा की तलाश में गहरी ड्रिलिंग कर रही है। पिछले तीन-चार दिनों से गांव के खेतों में भारी मशीनों से चट्टानों के नमूने निकाले जा रहे हैं। पश्चिम बंगाल से पहुंची विशेषज्ञों की टीम इस काम में जुटी है। इस गतिविधि से इलाके में कौतूहल है और ग्रामीण मौके पर पहुंचकर जानकारी लेने की कोशिश कर रहे हैं।
करमटिया में सोने के संभावित भंडार को लेकर पहले से चल रही चर्चाओं के बीच कुराबा की ड्रिलिंग ने नई उम्मीदें जगाई हैं। हालांकि, सर्वेक्षण टीम की ओर से किसी विशेष खनिज की मौजूदगी या संभावित भंडार को लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। इलाके में कुछ लोग इसे कोयले की खोज बता रहे हैं, तो किसी को बहुमूल्य धातुओं के भंडार की उम्मीद है।
कुराबा में हो रही ड्रिलिंग सामान्य खोदाई नहीं, बल्कि भू-गर्भीय संरचना को समझने की वैज्ञानिक प्रक्रिया है। आधुनिक मशीनों से गहराई तक छेद कर चट्टानों की परतों के कोर सैंपल निकाले जा रहे हैं। इन नमूनों के अध्ययन से चट्टानों की प्रकृति और खनिजीय विशेषताओं की जानकारी मिलती है। प्रयोगशाला में वैज्ञानिक परीक्षण के बाद ही खनिजों की मौजूदगी, गुणवत्ता और संभावित भंडार का आकलन होगा। यानी विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कोई ठोस निष्कर्ष निकाला जा सकेगा।
सोनो जैसे अपेक्षाकृत पिछड़े क्षेत्र में खनिज संपदा की पुष्टि होने पर आर्थिक विकास की नई संभावनाएं खुल सकती हैं। उपयोगी खनिज का पर्याप्त भंडार मिलने और व्यावसायिक दोहन संभव होने पर परिवहन, निर्माण, मशीनरी और कारोबार जैसे क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ सकते हैं। फिलहाल सभी की निगाहें कुराबा की धरती के नीचे चल रही वैज्ञानिक पड़ताल के नतीजों पर टिकी हैं।
