विवाह पंचमी के अवसर पर मां जानकी के मायके जनकपुरधाम से ससुराल अयोध्या के लिए भार भेजा जा रहा है। यह पारंपरिक यात्रा सरयू-कमला एक्सप्रेस के जरिए पूरी की जाएगी। भार में 41 प्रकार के विशेष उपहार शामिल हैं। भेजने से पहले जानकी मंदिर परिसर में भार एकत्र कर विधि-विधान से पूजन किया गया।
जानकी मंदिर परिसर में एकत्र भार में चांदी की सुपाड़ी, चांदी का पान पत्ता, भगवान श्रीराम और उनके परिवार के लिए वस्त्र, विभिन्न प्रकार के पकवान, फल, मिथिला की पारंपरिक मिठाइयां और अन्य उपहार रखे गए हैं। भार को पारंपरिक तरीके से सजाकर मंदिर परिसर में रखा गया। पूजन के दौरान मंदिर के महंत, पुजारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
भारत और नेपाल के दो प्रमुख धार्मिक स्थलों जनकपुरधाम और अयोध्या को जोड़ने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस (15595/15596) का नियमित परिचालन 28 नवंबर से शुरू हो रहा है। इसी ट्रेन से जनकपुरधाम से अयोध्या के लिए जानकी का भार भेजा जाएगा। ट्रेन जनकपुरधाम से प्रत्येक शनिवार और अयोध्या कैंट से प्रत्येक सोमवार को चलेगी।
ट्रेन संख्या 15595 शनिवार को जनकपुरधाम से नेपाली समयानुसार दोपहर 1:10 बजे खुलेगी। जयनगर कस्टम यार्ड पर नेपाली समयानुसार 2:25 बजे पहुंचकर 3:25 बजे रवाना होगी। इसके बाद मधुबनी में 3:48 बजे, शीशो में 5:10 बजे, सीतामढ़ी में 7:00 बजे, रक्सौल में 9:35 बजे और नरकटियागंज में 10:50 बजे रुकेगी। अगले दिन रविवार को ट्रेन सुबह 3:55 बजे गोरखपुर, 5:19 बजे बस्ती, 6:28 बजे मनकापुर और 7:25 बजे अयोध्या धाम पहुंचेगी। इसके बाद सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 15596 अयोध्या कैंट से 30 नवंबर को शाम 5:50 बजे खुलेगी और मंगलवार को नेपाली समयानुसार रात 12:40 बजे जनकपुरधाम पहुंचेगी। सरयू-कमला एक्सप्रेस में कुल 17 कोच होंगे, जिनमें एसी द्वितीय श्रेणी के दो, एसी तृतीय श्रेणी के तीन, एसी तृतीय इकोनॉमी के तीन, शयनयान श्रेणी के सात और एसएलआर के दो कोच शामिल हैं।
