कोहरे के मौसम में सुरक्षित रेल परिचालन को देखते हुए रेलवे ने झाझा होकर गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया है। पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र के अनुसार, यह बदलाव एक दिसंबर से 28 फरवरी 2027 तक प्रभावी रहेगा। इस अवधि में कुछ ट्रेनें पूरी तरह रद रहेंगी, जबकि कुछ के परिचालन दिनों में कटौती की गई है।

सीपीआरओ ने बताया कि गाड़ी संख्या 13035 हावड़ा-देहरादून उपासना एक्सप्रेस एक दिसंबर से 26 फरवरी तक तथा गाड़ी संख्या 13036 देहरादून-हावड़ा उपासना एक्सप्रेस दो दिसंबर से 27 फरवरी तक रद रहेगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 22198 वीरांगना लक्ष्मीबाई (झांसी)-कोलकाता एक्सप्रेस चार दिसंबर से 26 फरवरी तक और गाड़ी संख्या 22197 कोलकाता-वीरांगना लक्ष्मीबाई (झांसी) एक्सप्रेस छह दिसंबर से 28 फरवरी तक नहीं चलेगी।

बाघ एक्सप्रेस के परिचालन के दिनों में भी कटौती की गई है। गाड़ी संख्या 13019 हावड़ा-काठगोदाम बाघ एक्सप्रेस छह दिसंबर से 28 फरवरी तक प्रत्येक रविवार को रद रहेगी, जबकि गाड़ी संख्या 13020 काठगोदाम-हावड़ा बाघ एक्सप्रेस आठ दिसंबर से दो मार्च 2027 तक प्रत्येक मंगलवार को नहीं चलेगी।

रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेन के परिचालन की अद्यतन जानकारी प्राप्त कर लें। इस बदलाव से झाझा होकर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक ट्रेनों की व्यवस्था करनी पड़ सकती है।