दिल्ली में भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ) के झारखंड पवेलियन में जानकारी दी गई कि झारखंड देश का पहला राज्य है, जहां खान पर्यटन शुरू किया गया है। पवेलियन में राज्य की खनिज संपदा का प्रदर्शन किया गया। इसमें लौह अयस्क, कोयला, अभ्रक, तांबा, यूरेनियम, बॉक्साइट, चूना पत्थर, ग्रेनाइट और विभिन्न प्रकार के पत्थर शामिल हैं। खान एवं भू-विज्ञान विभाग की ओर से राज्य की प्राकृतिक संपदा, खनन क्षेत्र की संभावनाओं और देश की औद्योगिक प्रगति में झारखंड के योगदान को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया जा रहा है।
पर्यटकों को कोयला खदानों के भ्रमण की जानकारी दी गई। बताया गया कि खनन प्रक्रिया, आधुनिक मशीनों के संचालन और देश की अर्थव्यवस्था में खनन क्षेत्र के योगदान को करीब से देखने और समझने का रोमांचक अनुभव प्रदान किया जा रहा है।
पवेलियन में बताया गया कि खनिज संपदा में बॉक्साइट का विशेष महत्व है, जो एल्युमिनियम उत्पादन का प्रमुख कच्चा माल है। इसका उपयोग परिवहन, निर्माण, विद्युत उपकरण और एयरोस्पेस उद्योगों में किया जाता है। बेरिलियम जैसे रणनीतिक खनिज का उपयोग अपनी हल्की प्रकृति, मजबूती और ताप प्रतिरोधक क्षमता के कारण रक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स और एयरोस्पेस क्षेत्र में होता है।
लिथियम का उपयोग इलेक्ट्रिक वाहनों, मोबाइल फोन और ऊर्जा भंडारण प्रणालियों की रिचार्जेबल बैटरियों के निर्माण में किया जाता है। यूरेनियम परमाणु ऊर्जा उत्पादन का प्रमुख ईंधन है और देश की ऊर्जा सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। खनिजों की उपयोगिता ऊर्जा सुरक्षा, आधारभूत संरचना, विनिर्माण, आधुनिक तकनीक और रक्षा जैसे क्षेत्रों तक विस्तृत है।
