जोगेंद्रनगर में शुक्रवार को एक नया डायलिसिस सेंटर शुरू हुआ, जिससे क्षेत्र के करीब 70 किडनी मरीजों को अब डायलिसिस के लिए पालमपुर या कांगड़ा तक लंबा सफर नहीं तय करना पड़ेगा। सेंटर का शुभारंभ प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष जीवन ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के लगभग 70 मरीजों को सप्ताह में तीन बार डायलिसिस के लिए दूसरे शहरों जाना पड़ता था, जो शारीरिक और मानसिक रूप से कठिन था। मरीजों की इसी परेशानी को देखते हुए सहयोगियों के साथ मिलकर यह सेंटर शुरू किया गया है। इस जनसेवा कार्य में प्यारचंद, सुरिंदर, अर्जित और भगवानदास सहित कई लोगों ने सहयोग दिया है।
सेंटर में गरीब और जरूरतमंद मरीजों को विशेष छूट दी जाएगी, जबकि आर्थिक रूप से बेहद कमजोर मरीजों को निशुल्क डायलिसिस सुविधा उपलब्ध करवाने का भी प्रयास रहेगा। हिमाचल में पिछले पांच वर्षों से सेवाएं दे रहे नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. कुलदीप ने कहा कि जोगेंद्रनगर के मरीजों को डायलिसिस के लिए दूरदराज के शहरों में जाना पड़ता था और सप्ताह में तीन बार लंबा सफर तय करना उनके लिए परेशानी का कारण बनता था। स्थानीय स्तर पर डायलिसिस सुविधा शुरू होना मरीजों और उनके परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।
फिलहाल सेंटर में दो डायलिसिस मशीनों के साथ सेवाएं शुरू कर दी गई हैं। भविष्य में तीन और मशीनें स्थापित करने की योजना है, जिसके बाद कुल पांच मशीनों के माध्यम से मरीजों को डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। सेंटर संचालक ने इस कार्य में सहयोग देने वाले सभी लोगों, प्रशासनिक अधिकारियों और नगर परिषद के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
