पनकी के सोहन को रूस में बंधक बनाकर चार हजार डॉलर फिरौती मांगे जाने के मामले में उसके दोस्त रोमी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस पूछताछ के बाद रोमी ने सोहन को आठ फरवरी तक रूस से वापस लाने का लिखित समझौता किया है।
रतनपुर निवासी सोहन 11 अक्टूबर को रूस रवाना हुआ था और 15 अक्टूबर को लखनऊ, दिल्ली और मास्को होते हुए यूनला पहुंचा था। बहन खुशबू पाल के मुताबिक चार नवंबर तक परिवार से बातचीत होती रही, इसके बाद संपर्क टूट गया। उन्होंने बताया कि सोहन ने वीडियो काल पर अपना कमरा दिखाया और परिवार के लिए दोस्त रोमी के खाते में 46 हजार रुपये भेजे। बहन ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर रोमी समेत तीन लोगों पर आरोप लगाया कि उन्होंने नौकरी का झांसा देकर सोहन को रूस भेजा। रोमी के बताए टेलीग्राम अकाउंट सातोशी नाकामोशी से संपर्क करने पर सोहन को छोड़ने के बदले चार हजार डॉलर की मांग की गई और न देने पर रूस-यूक्रेन युद्ध में भेजने व सिर काटने की धमकी दी गई।
बहन ने चौकी, थाने और जिलाधिकारी से सोहन को खोजने की गुहार लगाई थी। मामला चर्चा में आने पर पुलिस ने शुक्रवार तड़के रोमी को हिरासत में लिया और करीब छह घंटे पूछताछ की। स्वजन ने सोहन की तलाश को प्राथमिकता देते हुए रोमी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई न करने और उसे रूस भेजकर सोहन का पता लगाने की बात कही। रोमी ने लिखित में समझौता किया कि वह खुद रूस जाकर दोस्त को तलाशेगा और आठ फरवरी तक वहां से वापस लाएगा। सोहन का टूरिस्ट वीजा चार फरवरी 2027 तक बढ़ा है। समझौते के मुताबिक यदि रूसी दूतावास से पता चला कि सोहन किसी अपराध में जेल में है, तो रोमी उसके दस्तावेज स्वजन को देगा और इसके लिए खुद को जिम्मेदार नहीं मानेगा।
डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि आरोपित से पूछताछ की गई है, लेकिन उसके खिलाफ कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है और दूतावास से संपर्क किया जा रहा है। बहन के मुताबिक सोहन रोज ड्यूटी से पहले, दोपहर में और काम खत्म होने के बाद फोन करता था। चार नवंबर की सुबह उसने भाई दूज पर आने का वादा किया था, फिर कहा कि रोमी का फोन आ रहा है, उससे बात करके फोन करता हूं। इसके बाद मां हंसमुखी पाल से उसकी आखिरी बातचीत हुई, जिसमें उसने कहा कि बास का फोन आया है, जल्दी जाना है, बाद में बात करूंगा। तब से संपर्क नहीं हुआ। खुशबू ने कहा कि उसे भाई की वापसी की उम्मीद प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से है। 11 फरवरी को भाई रामजीत की शादी है और परिवार को सोहन से बहुत उम्मीदें हैं। मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। खुशबू अधिकारियों से गुहार लगाने के साथ सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर रही है और लोगों से उसे ज्यादा से ज्यादा शेयर करने की अपील कर रही है, ताकि उसकी बात प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री तक पहुंचे।
