हरिद्वार में कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली पर्व पर 38.90 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान किया। सोमवार की रात से ही हरकी पैड़ी सहित विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगी थी और मंगलवार सुबह तड़के से श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर पूजन किया। सुबह से शाम की आरती तक श्रद्धालुओं ने हरिद्वार के अलग-अलग घाटों में डुबकी लगाई, जिसके बाद सभी अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए।

हरकी पैड़ी, मालवीय द्वीप, सुभाष घाट, राम घाट, वीआईपी घाट और सीसीआर घाट सहित अन्य घाटों पर भीड़ रही। सोमवार की रात हरकी पैड़ी पर 21 हजार दीप प्रज्वलित किए गए और लेजर लाइट शो का आयोजन हुआ। ठिठुरन भरी सुबह और शीतल हवाओं के बावजूद श्रद्धालुओं में उत्साह बना रहा। श्रद्धालुओं ने अपने परिवारों के साथ गंगा किनारे हवन-अनुष्ठान किए और गंगा में दीप दान भी किया।

ज्योतिषाचार्य मनोज त्रिपाठी ने बताया कि मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन गंगा एवं अन्य पवित्र नदियों में स्नान करने से मनुष्य को विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। इस दिन देवता भी गंगा के पावन स्नान के लिए धरती पर अवतरित होते हैं।

भारी भीड़ के कारण हाईवे से लेकर सर्विस लेन और शहर की सड़कों पर मंगलवार दिन भर जाम की स्थिति बनी रही। रेलवे स्टेशन, बस अड्डा और बैरागी कैंप सहित कई स्थानों से श्रद्धालुओं को हरकी पैड़ी तक पैदल चलना पड़ा। हरिद्वार-दिल्ली-रुड़की हाईवे पर भी दिन भर वाहनों का दबाव रहा। पुलिस एवं प्रशासन की टीमों ने यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए अतिरिक्त फोर्स तैनात की।