कार्तिक पूर्णिमा के दिन देव दीपावली मनाई जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन देवी-देवता स्वर्ग से पृथ्वी पर उतरकर देव दीपावली मनाते हैं। लोग पवित्र नदियों और घाटों पर दीपक जलाकर यह पर्व मनाते हैं। इसके अलावा देव दीपावली के दिन तुलसी के पास दीपक जलाना भी शुभ माना जाता है। मान्यता है कि ऐसा करने से घर में मां लक्ष्मी का आगमन होता है और सुख-समृद्धि बढ़ती है।

धार्मिक मान्यता के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा की शाम को तुलसी के पौधे के पास 1, 5, 7 या 11 दीपक जलाना शुभ माना जाता है। मान्यता है कि देव दीपावली की शाम को देवता पृथ्वी पर आते हैं और तुलसी के पौधे में धन की देवी मां लक्ष्मी का वास होता है। इसलिए इस दिन तुलसी के पास दीपदान करना बेहद फलदायी माना जाता है।

पूजा विधि के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन प्रदोष काल में स्नान करके साफ वस्त्र धारण करें। इसके बाद तुलसी के पौधे के आसपास की जगह साफ करें और गमले पर हल्दी या गेरू से स्वस्तिक बनाएं। फिर तुलसी में शुद्ध जल अर्पित करें और हल्दी, कुमकुम तथा फूल चढ़ाएं। सुहागिन महिलाएं माता तुलसी को लाल चुनरी और सुहाग का सामान भी अर्पित कर सकती हैं। इसके बाद शुद्ध देसी घी के दीपक जलाएं और फल, मिठाई आदि का भोग लगाएं। तुलसी माता का ध्यान करते हुए 5, 7 या 11 बार परिक्रमा करें और अंत में आरती करके परिवार की सुख-शांति की प्रार्थना करें।

दीपक जलाते समय ध्यान रखें कि उसे सीधे जमीन पर न रखें। हमेशा शुद्ध देसी घी या तिल के तेल का ही दीपक जलाएं और पूजा में खंडित दीपक का प्रयोग न करें। दीपक की बाती का मुख उत्तर या पूर्व दिशा की ओर रखें। दीपक जलाते समय मन शांत रखें और किसी से वाद-विवाद न करें।