केजीएमयू प्रशासन ने रैगिंग के दोषी पाए गए 38 छात्रों को तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया है और प्रत्येक पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। शनिवार को इन छात्रों के छात्रावासों में नोटिस चस्पा किए गए हैं। डीन स्टूडेंट वेलफेयर, चीफ प्राक्टर और हॉस्टल प्रशासन को नोटिस का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया गया है।

निलंबन अवधि के दौरान सभी आरोपित छात्र न तो कक्षाओं में प्रवेश कर सकेंगे और न ही छात्रावास में रह सकेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक, सभी 38 छात्रों को मिलाकर 9.50 लाख रुपये का जुर्माना देना होगा। केजीएमयू में रैगिंग के मामले में पहली बार इतनी बड़ी राशि का जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा सभी छात्रों की छात्रवृत्ति एक साल के लिए रोक दी गई है।

यह कार्रवाई शुक्रवार को जारी आदेश के तहत की गई है। निलंबित छात्रों में एमबीबीएस 2025 बैच के 36 और 2026 बैच के दो छात्र शामिल हैं। दोनों जूनियर छात्रों पर सीनियर की रैगिंग में मदद करने का आरोप है। 19 नवंबर को एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक में जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई थी।

केजीएमयू में यह मामला 16 नवंबर को उस समय सामने आया था, जब प्रथम वर्ष के छात्रों का एक वीडियो इंटरनेट पर प्रसारित हुआ। वीडियो में जूनियर छात्र कतार में खड़े होकर सीनियर को प्रणाम महोदय और प्रणाम मैडम कहते नजर आए थे। शुरुआत में प्रशासन ने इसे रैगिंग मानने से इनकार किया था, लेकिन शिकायतों के बाद एंटी रैगिंग कमेटी ने जांच शुरू की। जांच में जूनियर छात्रों को प्रताड़ित किए जाने की बात सही पाई गई। कुलपति ने वीडियो का संज्ञान लेकर जांच के निर्देश दिए थे। केजीएमयू प्रवक्ता प्रो. केके सिंह के अनुसार, जांच कमेटी की रिपोर्ट में जूनियर छात्रों को प्रताड़ित करने की पुष्टि हुई है और रैगिंग किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।