मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह के तिलक समारोह में भोजपुरी अभिनेता खेसारीलाल यादव पहुंचे। शिवांगी ने अंग्रेजी में उनका स्वागत किया, जिस पर खेसारीलाल ने मजाकिया अंदाज में भोजपुरी में जवाब दिया। इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

नदवां स्थित अनंत सिंह के घर पहुंचे खेसारीलाल यादव का शिवांगी ने अंग्रेजी में स्वागत किया। वीडियो में शिवांगी पहले खेसारीलाल को नमस्ते करती हैं और कहती हैं कि वह उनसे मिलकर खुश हैं। इसके बाद वह उनका स्वागत करते हुए पूछती हैं कि क्या वह यहां पहली बार आए हैं। इस पर खेसारीलाल भोजपुरी में जवाब देते हैं- अब एतना अंग्रेजी बोलबू त हमरा बुझाई। उनका यह जवाब सुनकर वहां मौजूद लोग हंस पड़े। बाद में शिवांगी हिंदी में समझाती हैं कि वह यहां पहली बार आए हैं, जिस पर खेसारीलाल कहते हैं कि हां, पहली बार आ रहा हूं।

बताया जा रहा है कि अनंत सिंह ने खेसारीलाल यादव को वीडियो कॉल पर बेटी की शादी में आने का निमंत्रण दिया था और 20 नवंबर को तिलक समारोह में आने का आग्रह किया था। खेसारीलाल तिलक समारोह से एक दिन पहले यानी 19 नवंबर को अनंत सिंह के घर पहुंच गए। इस दौरान शिवांगी ने उनका स्वागत किया और पैर छूकर आशीर्वाद लिया।

शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को होनी है। चर्चा है कि इस समारोह में फिल्म और संगीत जगत की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हो सकती हैं। अनंत सिंह ने प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक को शादी का निमंत्रण भेजा है।