कोलकाता के सॉल्ट लेक इलाके में एक पुलिस सार्जेंट पर नशे की हालत में हंगामा करने और महिला सब-इंस्पेक्टर, महिला डॉक्टर, एक वकील तथा अन्य पुलिसकर्मियों पर हमला करने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शनिवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
यह घटना शुक्रवार शाम सॉल्ट लेक स्थित सीएपी कैंप (कोलकाता आर्म्ड पुलिस की चौथी बटालियन) के हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में हुई। रात करीब साढ़े आठ बजे बिधाननगर नॉर्थ पुलिस स्टेशन को सूचना मिली कि आर्म्ड पुलिस बटालियन में तैनात दिब्येंदु सिंघा (35) नशे की हालत में हंगामा कर रहा है और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों व उनके परिवारों को गालियां दे रहा है।
पुलिस के अनुसार, ड्यूटी पर तैनात एक महिला सब-इंस्पेक्टर ने उसे शांत करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि सिंघा ने उसे गालियां दीं और थप्पड़ मार दिया। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर मेडिकल जांच के लिए सॉल्ट लेक सब-डिविजनल अस्पताल ले जाया गया, जहां भी कथित तौर पर उसका हंगामा जारी रहा। आरोप है कि वहां एक महिला डॉक्टर पर भी उसने गालियां दीं और थप्पड़ जड़ दिया।
बिधाननगर नॉर्थ पुलिस स्टेशन ले जाने के बाद भी आरोपी का गुस्सा कम नहीं हुआ। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, आरोप है कि सिंघा ने ड्यूटी ऑफिसर, महिला पुलिसकर्मियों और स्टेशन में बंद अन्य लोगों के साथ बदसलूकी की। उसने अपने एक क्लाइंट से मिलने आए वकील दीप मंडल को भी थप्पड़ मारा। एक अन्य सब-इंस्पेक्टर समीर दास ने उसे शांत करने की कोशिश की, लेकिन उन पर भी हमला किया गया।
पुलिस ने सिंघा के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170 के तहत कार्रवाई शुरू की है। उसे सार्वजनिक उपद्रव करने, सरकारी कर्मचारियों को उनके काम में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों और एक वकील पर हमला करने तथा एक महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, सिंघा पहले भी पड़ोसियों के साथ झगड़ों में शामिल रहा है और उन पर हमला करने के आरोप उस पर लग चुके हैं।
