केंद्र सरकार के परिसीमन बिल के मुद्दे पर इंडिया ब्लॉक में मतभेद सामने आ रहे हैं। भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी प्रमुख केटीआर ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कुछ महीने पहले ही स्टालिन का साथ छोड़ा था, अब वह किस मुंह से उनसे मिलने जा रही है। केटीआर ने यह भी कहा कि खड़गे और सोनिया गांधी स्टालिन से मुलाकात करने जा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि दो महीनों में ऐसा क्या बदल गया कि कांग्रेस स्टालिन को मनाने पहुंच रही है। केटीआर ने स्टालिन से अपने बयान पर कायम रहने की अपील भी की।

बता दें कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव दोनों दलों ने साथ लड़ा था, लेकिन डीएमके की हार के बाद कांग्रेस ने थलपति विजय का साथ थाम लिया। इससे नाराज डीएमके ने कांग्रेस से केंद्रीय और राज्य स्तरीय गठबंधन तोड़ने का ऐलान कर दिया था और दोनों तरफ से तीखी प्रतिक्रियाएं आई थीं।

पिछली बार परिसीमन बिल का विरोध करने वाली डीएमके ने अब इस बिल का समर्थन करने का ऐलान किया है। इस पर राहुल गांधी ने तंज कसते हुए कहा था कि बिल तमिलनाडु की जनता के लिए धोखा है और इसका समर्थन करने वाली तमिल पार्टी को इतिहास एट्टापन के तौर पर याद रखेगा।

राहुल गांधी के इस बयान का जवाब देते हुए एम के स्टालिन ने कहा कि उन्होंने तमिलों के लिए बहुत काम किया है और यह बिल तमिलनाडु के हित में है। उन्होंने कहा कि देखते हैं इतिहास उन्हें कैसे याद रखता है।