क्राइस्टचर्च टेस्ट के तीसरे दिन न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन ने भारतीय बल्लेबाज आकाश दीप के खिलाफ कई शॉर्ट पिच गेंदें फेंकी थीं। आकाश दीप के हेलमेट पर दो बार गेंद लगी और बाद में कन्कशन के कारण उन्हें मैच से बाहर होना पड़ा। उनकी जगह प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में शामिल किया गया।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें स्टंप माइक पर जैमीसन को यह कहते हुए सुना गया कि उन्होंने भी हमें बाउंसर फेंके थे, मैं उनकी परवाह क्यों करूं। उन्होंने कहा कि अगर वे हमें बाउंसर फेंकेंगे तो हम भी वापस बाउंसर फेंकेंगे, हमने इसकी शुरुआत नहीं की, लेकिन हम इसे खत्म जरूर करेंगे। वीडियो में न्यूजीलैंड के ही एक साथी खिलाड़ी ने लगातार बाउंसर फेंकने पर सवाल उठाया था।
मैच की बात करें तो न्यूजीलैंड की पहली पारी के 356 रन के जवाब में भारतीय टीम 246 रन पर ढेर हो गई, जिससे मेजबान टीम को पहली पारी में 110 रन की बढ़त मिली। जैमीसन ने भारत की पहली पारी में चार बल्लेबाजों को आउट किया, जिनमें तीसरे दिन ध्रुव जुरेल और गुरनूर बराड़ के अहम विकेट शामिल रहे।
तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने तीन विकेट पर 133 रन बना लिए हैं। डेवॉन कोन्वे ने 51 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि रचिन रविंद्र 46 और डैरिल मिचेल 05 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। न्यूजीलैंड की कुल बढ़त 243 रन की हो चुकी है।
