मधुबनी के झंझारपुर स्थित केजरीवाल हाईस्कूल के मैदान में नगर परिषद की करीब 15 लाख रुपये की कायाकल्प योजना के तहत मिट्टी की जगह कमला नदी की बालू भरने का काम किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे योजना के मानकों की अनदेखी हुई है और बच्चों के खेलने के लिए बनाए जा रहे मैदान में बालू भरना उपयुक्त नहीं है। उनका तर्क है कि बालू पर बच्चे सुरक्षित ढंग से न तो खेल पाएंगे और न ही दौड़ जैसी गतिविधियां कर पाएंगे। गर्मी में बालू उड़ने से आसपास के स्कूलों, विशेषकर केंद्रीय विद्यालय की कक्षाओं तक धूल पहुंचने की आशंका भी जताई जा रही है।
लोगों ने नगर परिषद प्रशासन से निर्माण कार्य की तत्काल जांच कराने और प्राक्कलन के अनुरूप मिट्टी से भराई सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका सवाल है कि जब योजना में मिट्टी भराई का प्रावधान है तो नदी की बालू किसके निर्देश पर डाली जा रही है। इस बीच, कार्यपालक पदाधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि टेंडर में भराई के लिए मिट्टी का प्रावधान रहता है और बालू भरने का कोई निर्देश नहीं है। जेई दीपक राज ने बताया कि उन्हें दो दिन पहले ही इस कार्य का प्रभार मिला है और कार्य में अनियमितता पाए जाने पर उसे दूर कराने का प्रयास किया जाएगा।
स्थानीय लोगों की नाराजगी के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने से योजना की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। करीब 15 लाख रुपये की योजना के निर्माण स्थल पर सूचना बोर्ड तक नहीं लगाया गया है, जिससे आम लोगों को योजना की लागत, कार्य एजेंसी और निर्धारित मानकों की जानकारी नहीं मिल पा रही है। स्कूल के प्रधानाध्यापक विनय कुमार झा और प्रबंध समिति के अध्यक्ष राजू मंडल इस मामले में कुछ बोलने से बचते दिखे।
