लखीसराय जिले में मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना के तहत नौ पंचायतों में विवाह मंडप निर्माण की तैयारी पूरी कर ली गई है। जिला पंचायती राज पदाधिकारी पम्मी रानी के अनुसार इन पंचायतों में स्थल चयन कर प्राक्कलन तैयार करा लिया गया है और प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण शुरू कराया जाएगा। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों की शादी कम खर्च में सम्मानजनक माहौल में संपन्न कराना है।
योजना के तहत प्रत्येक पंचायत के राजस्व ग्राम में 13,200 वर्ग फीट जमीन पर मंडप बनेगा और हर मंडप पर 50 लाख रुपये खर्च होंगे। इन भवनों का उपयोग सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सरकारी कार्यक्रमों के लिए भी किया जा सकेगा, लेकिन बेटियों की शादी को प्राथमिकता दी जाएगी। मंडप का संचालन जीविका के माध्यम से होगा, जो ग्राम पंचायत स्तर पर निर्धारित शुल्क लेकर जरूरतमंद परिवारों को मंडप उपलब्ध कराएगी और उसकी देखभाल एवं मरम्मत की जिम्मेदारी भी संभालेगी। मंडप में रसोईघर के साथ पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालय एवं स्नानघर तथा अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
नौ पंचायतों में बड़हिया प्रखंड की एजनीघाट, डुमरी, गंगासराय और लक्ष्मीपुर, हलसी प्रखंड की धीरा एवं भनपुरा, सूर्यगढ़ा प्रखंड की चंदनपुरा एवं चौरा राजपुर तथा पिपरिया प्रखंड की वलीपुर पंचायत शामिल है। इनके अलावा जिले की 13 अन्य पंचायतों में भी निर्माण के लिए स्थल चिह्नित कर लिया गया है, जहां अनापत्ति प्रमाणपत्र मिलने का इंतजार है। एनओसी मिलने के बाद प्राक्कलन तैयार किया जाएगा। कुछ पंचायतों में निर्धारित क्षेत्रफल से कम जमीन उपलब्ध होने के कारण एनओसी मिलने में परेशानी हो रही है।
