मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर शीतलहर के दौरान निराश्रितों और जरूरतमंदों को सुरक्षित आश्रय देने के लिए लखनऊ नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने शनिवार को शहर के विभिन्न रैन बसेरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी जरूरी सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने लक्ष्मण मेला मैदान स्थित रैन बसेरे में किए गए सुधार कार्यों को देखा। यहां दो नए कमरों का निर्माण कराया गया है, जिससे अधिक लोगों को ठहरने की सुविधा मिलेगी। उन्होंने शेष कार्यों को तीन दिनों में पूरा करने के निर्देश दिए। जियामऊ स्थित रैन बसेरे पर पेंटिंग और शीशा लगाने सहित अन्य कार्य एक सप्ताह में पूरे करने को कहा गया।

जोन-4 स्थित एल्डिको रैन बसेरे का निरीक्षण करते हुए नगर आयुक्त ने पुताई और अन्य कार्यों की प्रगति देखी। जी प्लस थ्री भवन वाले इस रैन बसेरे में 120 लोगों के ठहरने की क्षमता है। उन्होंने सभी शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर एक सप्ताह में पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने जोन-4 में मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन एनिमल केयर हॉस्पिटल का भी जायजा लिया, जहां मुख्य भवन का स्ट्रक्चर पूरा हो चुका है और ब्रिकवर्क जारी है। उन्होंने परियोजना को 31 दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा अमृत योजना के अंतर्गत विकसित चिनहट तालाब का निरीक्षण कर शेष कार्य पूरा करने को कहा गया। निरीक्षण में अपर नगर आयुक्त अविनाश त्रिपाठी, अधिशाषी अभियंता अतुल मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।