लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में शनिवार को आयोजित एक संवाद के तीसरे सत्र 'इतिहास का लाल रंग' में इतिहासकार अरविंद सिंह और शान कश्यप ने वामपंथी इतिहासकारों पर तथ्य छिपाने और 'पवित्र झूठ' के जरिये इतिहास गढ़ने के आरोप लगाए। एक फीचर संपादक से संवाद में दोनों लेखकों ने अपने दावों के साक्ष्य प्रस्तुत किए। 'हू आन द पास्ट' के लेखक शान कश्यप ने कहा कि वामपंथी इतिहासकारों ने नोबल लाइज यानी 'पवित्र झूठ' के जरिये इतिहास रचा। 'इंडियाज रोग स्टोरीज' के लेखक अरविंद सिंह ने बताया कि 1989 में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के 25 इतिहासकारों ने बाबरी मस्जिद एक्शन कमेटी के पक्ष में 'द यूज एंड एब्यूज आफ हिस्ट्री' नाम से पर्चा लिखा था। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने जब इसके लेखक डा. सुबिर से लेख का आधार पूछा, तो उन्होंने कहा कि यह एक सहकर्मी से बातचीत और अखबारों में छपे वामपंथी इतिहासकारों के लेखों के आधार पर लिखा गया, जिसका कोई प्रमाण नहीं है।
अरविंद सिंह ने कहा कि राम मंदिर का विवाद कभी था ही नहीं। उनके अनुसार 1856 में निहंगों के खिलाफ रिपोर्ट में फैजाबाद के मुअज्जिन मोहम्मद इस्माइल ने खुद माना था कि अयोध्या के हिंदू वहां पूजा करते थे। मुस्लिम पक्ष ने बाबर और अकबर द्वारा मस्जिद को अनुदान देने का दावा किया, लेकिन साक्ष्य मांगे जाने पर कहा गया कि इसका कोई साक्ष्य नहीं है। मंदिर स्थल के उत्खनन पर वामपंथी इतिहासकारों के दावे बार-बार बदले जाते रहे। अंत में 2003 में बीआर मणि ने उत्खनन के जरिये स्थापित किया कि जन्मभूमि में ही राम मंदिर था, जिसे कोर्ट ने माना।
शान कश्यप ने कहा कि इतिहासकारों ने अकादमिक मानकों से अलग जाकर एक पक्ष चुना और आज भी प्रतीत होने के आधार पर दावे करते हैं। उन्होंने महात्मा गांधी की हत्या के बाद गीता प्रेस की पत्रिका कल्याण में शोक न जताने का झूठ फैलाने का जिक्र किया। उनके अनुसार 30 जनवरी 1948 के अंक की पत्रिका बाजार में जा चुकी थी, लेकिन अंतिम कुछ प्रतियों में विशेष पेज लगाकर गांधी की हत्या पर शोक जताया गया था और फरवरी के अंक में पांच पेजों पर स्मृति शेष के रूप में श्रद्धांजलि दी गई थी।
अरविंद सिंह ने बताया कि 1961 में जवाहरलाल नेहरू ने वामपंथी इतिहासकार मुहम्मद हबीब की अध्यक्षता में कमेटी बनाई, जिसमें एस गोपाल भी शामिल थे। इस समिति ने इतिहास में बदलाव का अधिकार सरकार को दिया। उनके अनुसार मुहम्मद हबीब ने नया इतिहास लिखने का दायित्व अपने बेटे इरफान हबीब को दे दिया, जो राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को असंवैधानिक करार देते हैं। एक छात्र के सवाल पर शान ने कहा कि कांग्रेस और वामपंथी सरकारों ने भी इस मामले में कुप्रयास किए। केरल में वामपंथी सरकार ने 1957 में छठी से आठवीं कक्षा का कोर्स बदला, जिसमें चीन और रूस की क्रांतियों व वहां के नायकों को पढ़ाया गया, जबकि भारतीय नायकों को गायब कर दिया गया। नायक और खलनायक कौन तय करेगा, इस सवाल पर शान ने कहा कि दुर्भाग्य से सरकारें यह कर रही हैं, जबकि समाज, क्षेत्र और देश को नायकों की जरूरत है।
