मदुरै के तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून स्तंभ पर शनिवार, 28 नवंबर की शाम 5 बजे पारंपरिक कार्तिगई दीपम प्रज्वलित किया गया। यह दीप प्रज्वलन सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद हुआ। दीपक जलने के दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में भक्त और हिंदू संगठनों के सदस्य मंदिर परिसर में एकत्र हुए।

मंदिर के प्रशासन के लिए हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस एस. वैद्यनाथन और जस्टिस वी. पार्थिबन को रिसीवर (प्रशासक) नियुक्त किया गया है और उन्हें सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मंदिर और पूरी पहाड़ी की सुरक्षा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) को सौंप दी गई है।

दीप प्रज्वलन के वक्त ढोल-नगाड़े बजाए गए और लोगों की आंखों में खुशी के आंसू नजर आए। दीप जलने के बाद पहाड़ी पर 'वेट्रिवेल-वीरवेल' के जयकारे गूंज उठे।

बता दें कि सुप्रीम कोर्ट के पहले के आदेश के बावजूद 24 नवंबर को दीपथून पर दीप नहीं जलाया गया था। उस दिन उची पिल्लयार मंदिर के पास पारंपरिक दीपा मंडपम में शाम करीब 6 बजे दीप जलाया गया था, जिसका हिंदू संगठनों ने विरोध किया था और कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया था। शुक्रवार, 27 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने अवमानना याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए अपने पिछले आदेश का पालन न होने पर कड़ी नाराजगी जताई, मंदिर के ट्रस्टी बोर्ड को निलंबित कर दिया और राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किए। इसके बाद शनिवार को यह दीपक जलाया गया।