मलेशिया घूमने का प्लान बना रहे भारतीयों के लिए जरूरी खबर है। मलेशिया ने भारतीय नागरिकों को दी जाने वाली वीजा-फ्री एंट्री की सुविधा बंद करने का फैसला किया है। मलेशिया के इमिग्रेशन विभाग (JIM) ने 17 नवंबर को जारी एक नोटिस में यह जानकारी दी। विभाग के मुताबिक, 1 जनवरी 2027 से मलेशिया जाने वाले सभी भारतीयों को यात्रा से पहले वैध वीजा लेना अनिवार्य होगा। अभी तक भारतीय पासपोर्ट धारकों को बिना वीजा मलेशिया जाने की सुविधा मिल रही थी।
नए नियम लागू होने से पहले यात्रियों को आवेदन का मौका दिया जाएगा। मलेशिया के लिए ऑनलाइन वीजा आवेदन 1 दिसंबर 2026 से शुरू होंगे और इच्छुक यात्री MyVISA पोर्टल के जरिए आवेदन कर सकेंगे। इसका मतलब है कि 1 जनवरी 2027 या उसके बाद मलेशिया जाने की योजना बना रहे भारतीयों को यात्रा से पहले वीजा की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
इमिग्रेशन विभाग ने वीजा आवेदन प्रक्रिया में भी बदलाव किए हैं। नए नियम के मुताबिक, अगर किसी आवेदन का स्टेटस ‘New Application’ या ‘Pending Payment’ रहता है और सात कार्यदिवस से ज्यादा समय बीत जाता है, तो वह आवेदन अपने आप एक्सपायर हो जाएगा। यह नियम 1 अक्टूबर 2026 से लागू हो चुका है। विभाग के 28 सितंबर के ऐलान के अनुसार, यह उन आवेदनों पर भी लागू होगा जो 1 सितंबर 2026 से पहले जमा किए गए थे। आवेदन एक्सपायर होने पर आवेदक को अपडेटेड वीजा आवेदन फॉर्म के जरिए दोबारा आवेदन करना होगा।
विभाग ने वीजा फीस को लेकर भी स्पष्ट किया है कि आवेदन के दौरान जमा की गई फीस नॉन-रिफंडेबल होगी। आवेदन मंजूर होने, खारिज होने, सरकारी नीति में बदलाव होने या यात्रा की योजना बदलने पर भी फीस वापस नहीं मिलेगी। विभाग ने यह भी कहा है कि मलेशियाई सरकार के निर्देशों के अनुसार वह किसी भी समय प्रवेश संबंधी नियमों में बदलाव करने का अधिकार सुरक्षित रखता है। इससे पहले 1 सितंबर 2026 से मलेशिया ने मल्टीपल एंट्री वीजा (MEV) की सुविधा को 31 पात्र राष्ट्रीयताओं तक सीमित कर दिया था। विदेशी यात्रियों को पूरे प्रवास की अवधि के लिए ट्रैवल मेडिकल इंश्योरेंस लेने की भी सलाह दी गई है, क्योंकि इलाज और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं का खर्च गैर-निवासियों को खुद उठाना होगा।
