मंडी नगर निगम में बैंच और तिरपाल आवंटन को लेकर विवाद जारी है। उप महापौर ने अपने वार्ड समखेतर में कम बैंच मिलने का मुद्दा उठाया है और लाभार्थियों के मोबाइल नंबरों सहित पूरी जानकारी मांगी है, ताकि यह जांचा जा सके कि बैंच और तिरपाल सही लाभार्थियों को मिले हैं या नहीं।

मंडी। नगर निगम मंडी में बैंचों और तिरपाल आवंटन का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। उप महापौर ने अपने वार्ड समखेतर में बैंच कम मिलने को लेकर सवाल उठाया है। उन्होंने स्वयं इस पर संज्ञान लेते हुए बैंचों और बांटे गए तिरपालों की जानकारी लाभार्थियों के नंबरों सहित मांगी है।

पूर्व में नगर निगम को 250 के करीब बैंच आए थे और मांग के अनुसार उपलब्ध करवाने की बात कही गई थी। बाद में जब निगम ने बैंचों की गिनती शुरू की तो कुछ बैंच कम मिले। इसके बाद निगम ने पड़ताल की और सही आंकड़ा पूरा होने की बात कही। अब फिर से बैंचों के आवंटन पर विवाद शुरू हो गया है।

वीरवार को हुई नगर निगम की बैठक में उप महापौर ने अपने वार्ड में बैंच कम मिलने का मामला फिर से उठाया। इस बारे में यह भी चर्चा है कि एक पार्षद ने अपने घर के पास बैंचों को संभाल कर रखा है और उन्हें आवंटित नहीं किया गया है। इसके बाद नगर निगम के अधिकारियों से पूरा ब्यौरा मांगा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उप महापौर ने जहां-जहां तिरपाल और बैंच दिए गए, उन सभी उपभोक्ताओं के नंबर भी मांगे हैं, ताकि पता चल सके कि सही लाभार्थियों को मिले हैं या नहीं।

उप महापौर जितेंद्र जानी ने कहा कि नगर निगम को पूर्व में मिले बैंचों और बांटे गए तिरपालों की जानकारी नंबरों सहित मांगी गई है, ताकि पता चल सके कि ये कहां और कितने मिले हैं। इधर, नगर निगम की पहले हुई बैठक में शहर में भगवान शिव सहित मूर्तियां स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पीपल के नीचे जहां पत्तल वाले बैठते हैं, वहां एक मूर्ति स्थापित करने की योजना निगम ने बनाई है।