मऊ के तहसील मधुबन के सुल्तानपुर बारागांव में विश्व मत्स्यिकी दिवस के अवसर पर मत्स्य विभाग ने जागरुकता गोष्ठी आयोजित की। इसमें मछुआ समुदाय के सदस्यों और मत्स्य पालकों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों से मत्स्य पालन के लिए प्रेरित किया गया।

सहायक निदेशक मत्स्य डॉ. विनोद कुमार वर्मा ने कहा कि वैज्ञानिक तरीके से मत्स्य पालन करने से उत्पादन और उत्पादकता में वृद्धि की जा सकती है। उन्होंने मत्स्य पालकों से विभाग की ओर से संचालित विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने की अपील की। इससे आमदनी बढ़ने के साथ आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।

गोष्ठी के दौरान कामन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से मत्स्य पालकों का राष्ट्रीय मत्स्य डिजिटल प्लेटफॉर्म (एनएफडीपी) पोर्टल पर पंजीकरण कराया गया। वहीं, किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत 10 आवेदन प्राप्त किए गए, जिससे मत्स्य पालन से जुड़ी गतिविधियों के लिए उन्हें संस्थागत ऋण की सुविधा मिल सके।

कार्यक्रम में वरिष्ठ मत्स्य निरीक्षक कैश अहमद, मत्स्य विकास अधिकारी विनय कुमार, मत्स्य जीवी सहकारी समिति सुल्तानपुर बारागांव के अध्यक्ष कन्हैया निषाद और धर्मपुर बिष्णुपुर समिति के सचिव रामजीत साहनी आदि मौजूद रहे।