लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती ने समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र को हवा-हवाई बताया है। उनका कहना है कि सपा का यह घोषणापत्र उसके कथित पीडीए की तरह ही 'थोथा चना बाजे घना' की कहावत को सार्थक करने वाला है। उन्होंने कहा कि 'हर हाथ को काम' और 'कानून द्वारा कानून का राज' जैसी बातें मूल रूप से बसपा की ही नीति और सिद्धांत हैं।
अपने एक्स हैंडल पर मायावती ने लिखा कि सपा का स्वभाव गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों के वास्तविक हित, कल्याण, मान-सम्मान और सुरक्षा के विरुद्ध अधिकतर संकीर्ण, जातिवादी और धन्ना सेठ समर्थक रहा है। उन्होंने इसका ताजा उदाहरण यूपी से राज्यसभा चुनाव में पीडीए को प्रश्रय देने के बजाय बड़े धन्ना सेठ को प्राथमिकता देना बताया। उनके अनुसार सपा का 'जन-मन घोषणापत्र' वास्तव में 'धन-मन वादी' अधिक है।
मायावती ने आगे लिखा कि ऐसी नीतियों और कार्यकलापों से प्रदेश की गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ापन और पलायन की गंभीर समस्या कभी दूर नहीं हो सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा समाज के अच्छे लोगों के बजाय धनी और बाहुबलियों को चुनाव मैदान में उतारेगी, जो देश, समाज और जनहित की चिंता कम और अपने स्वार्थ में लगे रहते हैं।
बसपा प्रमुख ने कहा कि बसपा की यूपी में अब तक रही चारों सरकारों ने सर्वसमाज और सर्वजन हितैषी एजेंडा पर ईमानदारी से अमल करके दिखाया है, जो सपा, कांग्रेस और भाजपा जैसी विरोधी पार्टियों के बलबूते की बात नहीं है। उन्होंने सपा पर एससी, एसटी और ओबीसी आरक्षण विरोधी रवैया तथा यूपी को जातिवादी द्वेष और दंगा-युक्त प्रदेश बनाने के धब्बे भी लगाए। उनका कहना है कि सपा की बातें, वादे, दावे और घोषणाएं चुनावी छल और छलावा हैं, इसलिए लोगों को सावधान रहना चाहिए।
