लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए सत्तारूढ़ गठबंधन NDA को दो-तिहाई बहुमत चाहिए, जो अभी उसके पास अपने दम पर नहीं है। अटकलें हैं कि गठबंधन के बाहर के कुछ दल सरकार को समर्थन देने की तैयारी में हैं, हालांकि किसी ने औपचारिक ऐलान नहीं किया है। 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक दोनों सदनों की बैठक बुलाई गई है और मॉनसून सत्र के पूरा होने की घोषणा अब तक नहीं हुई है। गुरुवार की घोषणा के बाद यह अटकलें तेज हो गई हैं कि सरकार महिला आरक्षण और उससे जुड़ा परिसीमन विधेयक पेश करने की तैयारी कर रही है।
मौजूदा संख्या बल के अनुसार NDA के पास 320 सांसदों का समर्थन है, जो काफी नहीं है और कम से कम 41 सांसदों के समर्थन की जरूरत है। अटकलें हैं कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शरद पवार गुट और DMK सरकार का साथ दे सकते हैं। दोनों ने औपचारिक ऐलान नहीं किया है, लेकिन संकेत दिए हैं। सुप्रिया सुले ने कहा कि अगर परिसीमन विधेयक देश के हित में होगा तो उनकी पार्टी इसका समर्थन करेगी, हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी गठबंधन INDIA इस पर विचार करेगा। DMK के दो शीर्ष नेताओं ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा है कि हर मुद्दे पर भाजपा का विरोध करने की जरूरत नहीं है और अगर तमिलनाडु की हिस्सेदारी 7.2 फीसदी रहने का वादा किया जाता है तो वे समर्थन कर सकते हैं।
अगर ये दोनों दल गठबंधन का साथ देते हैं तो आंकड़ा 350 पर पहुंच जाएगा, लेकिन फिर भी 10 सांसदों की जरूरत होगी, क्योंकि कुल 360 सांसदों का साथ चाहिए। दरअसल, लोकसभा में 3 सीटें खाली हैं और अध्यक्ष के बगैर मतदान करने वालों की संख्या 539 हो जाएगी। NCP एसपी के पास निचले सदन में 8 सांसद हैं, जबकि DMK के पास 22 सदस्यों का साथ है। NCP एसपी के NCP में विलय की अटकलें जारी हैं, वहीं DMK INDIA गठबंधन से बाहर निकलने का ऐलान कर चुकी है। कांग्रेस ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में DMK की हार के बाद TVK का साथ दिया था।
संविधान के अनुच्छेद 368 के अनुसार संशोधन के लिए कुल सदस्य संख्या का बहुमत और उपस्थित एवं मतदान करने वाले सदस्यों के कम से कम दो-तिहाई का समर्थन आवश्यक है। इस लिहाज से अगर मतदान के दौरान सदन में 529 सदस्य या उससे कम रहते हैं तो सरकार जरूरी आंकड़ा पार कर सकती है, हालांकि इस पर आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार 4 सांसदों वाली YSRCP भी NDA का साथ दे सकती है, लेकिन उसके समर्थन के बाद भी आंकड़ा 354 तक पहुंचेगा और 6 और सांसदों की जरूरत होगी। फिलहाल AAP, AIMIM, अकाली दल वारिस पंजाब दे, यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल, जोरम पीपुल्स मूवमेंट, इंजीनियर राशिद और एक निर्दलीय किसी गठबंधन का हिस्सा नहीं हैं। सरकार ने शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई है, जिसमें महिला आरक्षण संशोधन विधेयक पर चर्चा हो सकती है।
