सरकार ने परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण विधेयक को पास कराने के लिए संसद के विशेष सत्र का ऐलान किया है। लोकसभा का विशेष सत्र 30 नवंबर और राज्यसभा का दो दिसंबर को बुलाया गया है। इस सत्र में न प्रश्नकाल होगा और न ही शून्य काल। दोनों सदनों के सचिवालयों के अनुसार, सत्र जरूरी सरकारी विधायी कामकाज के लिए ही बुलाया गया है। सरकार हर तरह से दोनों विधेयकों को पास कराना चाहती है, जबकि विपक्ष ने विरोध की तैयारी शुरू कर दी है।

बीजेपी लोकसभा में दो तिहाई बहुमत जुटाने के लिए हर दांव-पेंच का इस्तेमाल करना चाहती है। इंडिया गठबंधन अपनी पार्टियों के सांसदों को अपने पाले में रखने की कोशिश कर रहा है। डीएमके पहले ही इंडिया गठबंधन से अलग हो चुकी है और टीवीके ने दावा किया है कि डीएमके वोटिंग के दौरान एनडीए का साथ देगी। एनसीपी (एसपी) के रुख को लेकर भी असमंजस बना हुआ है। बीते दिनों बीजेपी और शरद पवार की पार्टी के बीच कई बार वार्ता हुई, लेकिन एनसीपी के दोनों धड़ों के विलय पर कोई बात नहीं बनी। यह भी स्पष्ट नहीं है कि एनसीपी (एसपी) किस पक्ष में रहेगी। इंडिया गठबंधन को इसको लेकर चिंता है। एनसीपी (एसपी) के पास आठ लोकसभा और एक राज्यसभा सांसद हैं। शरद पवार ने पहले कहा था कि अगर लिखित रूप से 50 फीसदी सीटें बढ़ाने की बात होती है तो वह फिर से विचार करेंगे।

सूत्रों के दावे के अनुसार, एनडीए ने इन विधेयकों को लेकर बहुमत से ज्यादा 375 सांसदों का जुगाड़ कर लिया है। विपक्षी सांसद अगर इन विधेयकों पर सरकार का साथ देते हैं तो एनडीए को फायदा होगा और अगर कोई दल वोटिंग से दूरी बनाता है तब भी सरकार को लाभ मिलेगा। बीते अप्रैल में परिसीमन विधेयक पेश किए जाने के समय सरकार समर्थन नहीं जुटा पाई थी। तब विधेयक के पक्ष में 298 और विरोध में 234 वोट पड़े थे। बंगाल में टीएमसी के टूटने के बाद उसके 20 सांसद एनडीए के साथ जुड़ गए हैं और शिवसेना यूबीटी के 6 सांसद एकनाथ शिंदे वाले धड़े में आ गए हैं। बहुमत के लिए 360 सांसदों की जरूरत है। एनसीपी (एसपी) और डीएमके का साथ मिलने पर आंकड़ा 349 तक पहुंच जाता है। विपक्ष के सांसदों के न आने पर दो तिहाई बहुमत का आंकड़ा ही कम हो जाएगा, जिससे एनडीए को फायदा मिलेगा। अप्रैल की तुलना में विपक्ष की लोकसभा में संख्या कम हो गई है।