समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ताजमहल में बंदरों के झुंड को लेकर भाजपा सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि भाजपा राज में दुनिया के सात अजूबों में शामिल ताजमहल की दुर्गति देखकर लग रहा है कि अगर यहां का पर्यटन प्रभावित हुआ तो एक ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी का सपना कहीं एक बिलियन तक न गिर जाए। उन्होंने यह भी लिखा कि किसी गलत के हाथ में उस्तरा देने से यही होता है।

गुरुवार को ताजमहल में बंदरों के झुंड के दो वीडियो प्रसारित हुए थे, जिन्हें भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने पुराना बताया है। ये वीडियो 45 और 30 सेकंड के हैं, जिनमें ताजमहल के गार्डन में घूमते दर्जनों बंदरों का झुंड नजर आ रहा है। 45 सेकंड के वीडियो को गुरुवार दोपहर बाद का बताया जा रहा है। एएसआई ने 30 सेकंड के वीडियो को पुराना बताया है, जबकि दूसरे वीडियो की जांच के लिए सीसीटीवी रिकॉर्डिंग चेक कराई जाएगी।

अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. स्मिथा एस. कुमार ने बताया कि 30 सेकंड वाला वीडियो पुराना है। गार्डन में इस समय सीजनल पौधे लगे हुए हैं, जबकि वीडियो में नहीं हैं। दूसरे वीडियो की जांच कराई जाएगी। उल्लेखनीय है कि जुलाई से अक्टूबर तक ताजमहल और उसके आसपास आधा दर्जन से अधिक पर्यटकों को बंदरों द्वारा काटने के मामले सामने आए थे।

इधर, भैरों बाजार, बेलनगंज के अक्षय दीक्षित ने गुरुवार को वन विभाग में बंदरों की समस्या की शिकायत की। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2024, सितंबर 2025 और अक्टूबर 2025 में उन्होंने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायतें कीं, लेकिन हर बार संतोषजनक की रिपोर्ट लगा दी गई। उनके घर के पास की गली और छतों पर बंदरों का जमावड़ा लगा रहता है और उनके बुजुर्ग माता-पिता की सुरक्षा की चिंता सताती रहती है। पर्यटकों से लेकर आम आदमी तक बंदरों से परेशान हैं, जबकि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, वन विभाग और नगर प्रशासन तीनों बंदरों को पकड़ने की जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डाल रहे हैं।