मेरठ के आबूलेन स्थित होटल स्क्वायर में एक युवती को बंधक बनाकर कथित दुष्कर्म और बीच बाजार मारपीट के मामले में थाना प्रभारी (एसओ) को पद से हटा दिया गया है। उन्हें कचहरी सुरक्षा का इंचार्ज बनाया गया है। एसपी सिटी विनायक भोसले के अनुसार जांच में एसओ, चौकी प्रभारी और दो बीट कांस्टेबल को दोषी माना गया है। चौकी प्रभारी और दोनों बीट कांस्टेबल के खिलाफ प्रारंभिक जांच के आदेश दिए गए हैं।

आरोप है कि कंकरखेड़ा के रोहटा रोड स्थित गांव शाहपुर जैनपुर निवासी सलमान उर्फ सोनू ने गाजियाबाद की 24 वर्षीय युवती को सोमवार को होटल स्क्वायर में रातभर बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती अपनी सहेली और उसके प्रेमी कृष्णा के साथ होटल पहुंची थी, जो वहां मैनेजर था। मंगलवार दोपहर युवती किसी तरह छूटकर मुख्य सड़क पर पहुंची, जहां आरोपित ने उसे बीच बाजार में गिराकर पीटा, बाल पकड़कर घसीटा और वापस होटल ले गया। भीड़ के पीछा करने पर वह होटल के पीछे से कूदकर फरार हो गया। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था।

युवती के बयान के आधार पर दुष्कर्म और एससी-एसटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं। बुधवार को नरहेड़ा के पास निर्माणाधीन अंडरपास के निकट घेराबंदी के दौरान सलमान ने पुलिस टीम पर फायरिंग की और अंडरपास से नीचे कूद गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसके बाद होटल मैनेजर कृष्णा पुत्र भागमल सिंह निवासी गांव पाबला, थाना इंचौली और होटल संचालक गोविंद चौरसिया पुत्र पंकज चौरसिया निवासी बुढ़ाना गेट, स्वामीपाड़ा को भी जेल भेजा गया।

मामले में मुख्य आरोपित सलमान के पुराने मुकदमों की भी जांच बैठा दी गई है और थाना पुलिस ने उसकी हिस्ट्रीशीट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।