मेक्सिको सिटी: मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम की चीन यात्रा चर्चा में है। सोशल मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने मेक्सिको से चीन तक की यात्रा एक सामान्य यात्री की तरह विमान के इकोनॉमी क्लास में की। यह यात्रा ऐसे समय हुई जब दुनियाभर के राष्ट्राध्यक्ष प्रेसिडेंशियल जेट और चार्टर्ड एयरक्राफ्ट से चीन पहुंचे थे। शीनबाम समेत कई वैश्विक नेता चीन के शेन्जेन में आयोजित एशिया-पैसिफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन (APEC) समिट में शामिल हुए थे।
रिपोर्ट्स के अनुसार, राष्ट्रपति शीनबाम ने चाइना सदर्न एयरलाइंस की फ्लाइट से इकोनॉमी क्लास में लगभग 21 घंटे का सफर किया। उन्हें विमान में विंडो या आइल सीट भी नहीं मिली और वह बीच वाली सीट 33बी पर बैठीं। शनिवार रात को वह मेक्सिको सिटी से फ्लाइट संख्या CZ8032 से रवाना हुईं। Flightradar24 के अनुसार, इस्तेमाल किया गया विमान एयरबस A350-900 था, जो तीन घंटे 12 मिनट बाद उत्तर-पश्चिमी मेक्सिको के तिजुआना में उतरा। स्टॉपओवर के दौरान भी वह विमान में बैठी रहीं और करीब ढाई घंटे बाद विमान ने फिर उड़ान भरी। इसके बाद विमान प्रशांत महासागर के ऊपर से लगभग 14 घंटे 56 मिनट हवा में रहा।
चीनी सोशल मीडिया यूजर्स ने शीनबाम की सादगी और मेक्सिकन टैक्सपेयर्स का पैसा बचाने के तरीके की तारीफ की है। शेन्जेन एयरपोर्ट पर आधिकारिक स्वागत के दौरान उन्हें एयरपोर्ट शटल से उतरते देखा गया, जबकि आम तौर पर राष्ट्राध्यक्षों को स्वागत के दौरान विमान से उतरते देखा जाता है।
