उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। अदलहाट क्षेत्र के सिकिया तिराहे के पास सोनभद्र से राखड़ लादकर वाराणसी जा रहा एक हाइवा अनियंत्रित होकर सवारियों से भरे ऑटो पर पलट गया। हादसे में ऑटो सवार समेत छह लोग दब गए। पुलिस ने क्रेन और बैकहो लोडर की मदद से सभी को बाहर निकाला, जिसमें तीन अज्ञात लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को वाराणसी स्थित बीएचयू के ट्रामा सेंटर भेजा गया है।
बताया गया है कि ऑटो सवारियों को लेकर अदलहाट से वाराणसी की ओर जा रही थी। चालक सिकिया तिराहे के मोड़ के पास ऑटो रोककर सवारियां बैठा रहा था। इसी दौरान सोनभद्र से राखड़ लादकर तेज रफ्तार में आ रहा हाइवा अनियंत्रित होकर सीधे ऑटो पर जा पलटा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
घटनास्थल पर एएसपी आपरेशन राजकुमार मीणा, एसडीएम चुनार अनेग सिंह, सीओ चुनार गायत्री यादव और अदलहाट पुलिस मौजूद रही। हादसे के बाद हाइवा चालक मौका देखकर फरार हो गया। मृतकों की पहचान की जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस ने ट्रक और टेंपो को हटाने के लिए जेसीबी की मदद ली और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद वाहनों का आवागमन शुरू कराया जा सका।
हादसे के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लगभग दस किलोमीटर तक जाम रहा। जाम में फंसे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
