मीरजापुर के पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने शनिवार को पड़री थाने का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अपराध से जुड़े अभिलेखों का अवलोकन किया। कुछ अभिलेखों में कमियां मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित को समय सीमा के भीतर उन्हें अद्यतन करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए हिस्ट्रीशीटरों की कुंडली तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जा सके। उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय और मेस का बारीकी से निरीक्षण किया और अपराध सहित अन्य मामलों से जुड़े अभिलेखों को भी खंगाला।

एसपी ने कहा कि थाने आने वाले किसी भी व्यक्ति की बात सम्मान के साथ सुनी जाए और उसका निस्तारण किया जाए। छोटे-छोटे मामलों को हल्के में न लेकर गंभीरता से लिया जाए, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।

उन्होंने हिस्ट्रीशीटर और आदतन अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के सख्त निर्देश जारी किए। एसपी ने बताया कि कानून में मौजूद कठोर प्रावधानों, विशेष रूप से गैंग्स्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट की धाराओं का पूर्ण उपयोग करते हुए ऐसे अपराधियों पर अंकुश लगाया जाएगा। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में सक्रिय पेशेवर अपराधियों में कानून का भय पैदा करना और आम जनता को सुरक्षित माहौल प्रदान करना है।