मोहाली के लालड़ू क्षेत्र में अंबाला-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-44) से जुड़े ग्रामीण इलाकों की आवागमन सुविधा बेहतर करने के लिए सरसीणी से टिवाणा होते हुए झज्जों तक जाने वाली लिंक सड़क का चौड़ीकरण किया जा रहा है। शनिवार को इस सड़क पर तारकोल बिछाने का काम शुरू हो गया।
पंजाब मंडी बोर्ड की ओर से 4 किलोमीटर 600 मीटर लंबी इस सड़क के निर्माण और चौड़ीकरण पर 2 करोड़ 41 लाख 28 हजार रुपये खर्च किए जा रहे हैं। सड़क की चौड़ाई 18 फुट होने से आमने-सामने आने वाले वाहनों को गुजरने में आसानी होगी। परियोजना पूरी होने से ग्रामीणों, किसानों और वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा कृषि उपज को मंडियों तक पहुंचाना भी आसान होगा।
विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने शनिवार को निर्माण स्थल पर पहुंचकर कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से इस सड़क के चौड़ीकरण की मांग कर रहे थे और ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से बेहतर ढंग से जोड़ने के लिए संपर्क सड़कों के निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है।
विधायक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और निर्धारित तकनीकी मापदंडों का विशेष ध्यान रखा जाए। सड़क निर्माण का उद्देश्य लोगों को लंबे समय तक बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध करवाना है।
