मुरादाबाद के छजलैट में शनिवार को हुए सड़क हादसे में बिजनौर निवासी शिक्षिका दीपिका राजपूत और पंडित लोकेंद्र जोशी की मौत हो गई। दोनों के शव देर शाम उनके गांव पहुंचे, जिसके बाद परिवारों में कोहराम मच गया। दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
नूरपुर ब्लॉक के गांव जाफरपुर कोट निवासी 31 वर्षीय दीपिका राजपूत रामपुर के सैदनगर ब्लॉक के गांव हाजीनगर में सहायक अध्यापक थीं। उनके पति प्रखर सिंह नूरपुर ब्लॉक के गांव चेहली के संविलियन विद्यालय में सहायक शिक्षक हैं। स्वजन के अनुसार दीपिका शनिवार सुबह विशेष मतदाता अभियान के चलते रामपुर में अपने विद्यालय जाने के लिए रोडवेज बस से निकली थीं। शाम को उनका शव गांव पहुंचा तो स्वजन में कोहराम मच गया और ग्रामीणों की भीड़ उनके घर जुट गई। देर शाम बैराज घाट पर उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतका अपने पीछे दो बच्चों को छोड़ गई हैं।
गांव रतनगढ़ निवासी लोकेंद्र जोशी पंडिताई का कार्य करते थे। देर शाम उनका शव घर पहुंचा तो स्वजन में कोहराम मच गया और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। लोकेंद्र के परिवार में सात बेटियां और एक बेटा है, जो बीमार रहता है। वह परिवार में इकलौते कमाने वाले थे। दो बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि आने वाली एक मार्च को दो बेटियों की शादी होने वाली थी। स्वजन के अनुसार लोकेंद्र शनिवार को शनि दान लेने मुरादाबाद जा रहे थे। वह ज्यादा पढ़े-लिखे नहीं थे।
