मोदी कैबिनेट ने लोकसभा और विधानसभा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रस्ताव मंजूर किया है। लोकसभा में अभी 543 सीटें हैं, जो बढ़ोतरी के बाद 815 हो जाएंगी। सरकार परिसीमन बिल को 30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में पास कराना चाहती है। शरद पवार वाली NCP ने बिल के समर्थन की बात कही है, जबकि कांग्रेस का आरोप है कि सरकार धोखे से बहुमत जुटा रही है और वह बिल के खिलाफ है।

रोहित शर्मा तीन साल बाद एक बार फिर मुंबई इंडियंस के कप्तान बन गए हैं। वे हार्दिक पंड्या की जगह लेंगे। 39 साल के रोहित 2013 से 2023 तक लगातार 11 सीजन टीम के कप्तान रहे और उन्होंने 5 आईपीएल खिताब जिताए। हार्दिक की कप्तानी में एमआई पिछले 3 सीजन में एक बार ही प्लेऑफ में पहुंच सकी थी, जिसके बाद फ्रेंचाइजी ने उन्हें ट्रेड के जरिए पंजाब किंग्स भेज दिया और बदले में तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को लिया।

सोना-चांदी लगातार दूसरे दिन महंगे हुए हैं। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 3,658 रुपए चढ़कर 1.26 लाख रुपए के पार पहुंच गया, जो गुरुवार को 1.23 लाख रुपए पर था। एक किलो चांदी 6,953 रुपए बढ़कर 1.54 लाख रुपए पर पहुंच गई, जो गुरुवार को 1.47 लाख रुपए थी। दो दिन में सोना 5,261 रुपए और चांदी 11,355 रुपए महंगी हुई। अमेरिका में महंगाई के मजबूत आंकड़ों के बाद फेडरल रिजर्व के ब्याज दरें बढ़ाने की आशंका बढ़ी है, इसलिए तेजी के बावजूद उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

ईरान से मिल रही जान से मारने की धमकियों और अमेरिका में बढ़ती राजनीतिक हिंसा के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के करीब 5 मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी अपने निजी घर छोड़कर सैन्य ठिकानों पर रहने चले गए हैं। इनमें विदेश मंत्री मार्को रुबियो, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट शामिल हैं। ये अधिकारी 100 साल से भी ज्यादा पुराने सैन्य घरों में रह रहे हैं, जहां चारों तरफ सेना की तैनाती है। इन घरों का किराया आमतौर पर 4,500 डॉलर से ज्यादा होता है और अधिकारियों को मुफ्त में रहने की सुविधा नहीं मिलती।