मुंगेर की अधिवक्ता शेफाली राय ने संविधान दिवस के अवसर पर गुजरात के वडोदरा स्थित पारुल विश्वविद्यालय में विधिक जागरूकता अभियान चलाया। सुप्रीम कोर्ट और दिल्ली हाई कोर्ट की अधिवक्ता शेफाली राय ने विश्वविद्यालय के लीगल एड सेंटर की ओर से आयोजित कार्यक्रम में 300 संविधान पुस्तिकाएं भेंट कीं। कार्यक्रम में कुल 500 पुस्तिकाओं का वितरण किया गया।

मुंगेर और बांका लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव की छोटी बेटी शेफाली राय ने कार्यक्रम में मौजूद विद्यार्थियों और आम लोगों को भारतीय संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों की विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान उपस्थित विद्यार्थियों, अतिथियों और आम नागरिकों को संविधान की प्रस्तावना तथा उसके मूल्यों के पालन की शपथ भी दिलाई गई।

वक्ताओं ने कहा कि नागरिकों में संवैधानिक समझ और विधिक जागरूकता बढ़ने से लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक मजबूत होती है। कार्यक्रम में पूर्व प्रधान जिला न्यायाधीश केआर रबारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डीवी सावल्या, पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों सहित पारुल विश्वविद्यालय के पदाधिकारी तथा समाजसेवी मौजूद रहे।

मुंगेर की बेटी की इस पहल को समाज में विधिक जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।