उच्च हिमालयी क्षेत्र मुनस्यारी में इस बार स्नो स्कीइंग के शौकीनों को लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। नवंबर का महीना खत्म होने को है, लेकिन क्षेत्र में अभी तक शीतकालीन बारिश और बर्फबारी नहीं हुई है। मौसम के बदले मिजाज से दिन का तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है और रात में पाले का असर भी कम है। ऐसे में निकट भविष्य में जल्द हिमपात की संभावनाएं कमजोर बताई जा रही हैं।

स्थानीय जानकारों और पर्यटन गतिविधियों से जुड़े लोगों के अनुसार, अगर नवंबर और दिसंबर में पर्याप्त बर्फबारी नहीं होती है तो मुनस्यारी में स्नो स्कीइंग का संचालन प्रभावित हो सकता है। पंचाचूली समेत अन्य चोटियों की तलहटी काली पड़ने लगी है।

गौरतलब है कि बीते वर्षों में भी मौसम की ऐसी ही स्थिति रही थी, जिससे शुरुआती सर्दियों में पर्यटकों और खिलाड़ियों को निराशा हुई थी। तब फरवरी में हिमपात के बाद ही स्नो स्कीइंग का आनंद लिया जा सका था और देर से बर्फबारी के कारण स्कीइंग लंबी नहीं चल सकी थी।

वर्ष 1991-92 तक केएमवीएन के साहसिक पर्यटन के तहत मुनस्यारी तक स्नो स्कीइंग कराई जाती थी। तत्कालीन साहसिक खेल प्रबंधक दिनेश गुरुरानी बताते हैं कि तब पातलथौड़ से मुनस्यारी के बीच ही स्कीइंग होती थी और बलाती, बिटलीधार, खलिया तक जाने की आवश्यकता नहीं रहती थी।